विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा का जेवर एयरपोर्ट अब नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यूपी कैबिनेट ने पास किया प्रस्ताव

Published: Fri, 09 Oct 2026 01:30 PM (IST)

Narendra Modi International Airport Jewer Greater Noida:कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने खुद इस प्रस्ताव के पारित होने पर कहा ...और पढ़ें

HighLights

  1. पीएम नरेन्द्र मोदी के 25 साल के नेतृत्व पर योगी कैबिनेट ने पारित किया अभिनंदन प्रस्ताव

  2. मुख्यमंत्री ने मोदी की जनसेवा से जनकल्याण तक की यात्रा को बताया मिसाल

  3. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बदली यूपी की तस्वीर

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : Narendra Modi International Airport Jewer Greater Noida:  नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसका नाम ‘नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा, जेवर’ रखने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है।

नरेन्द्र मोदी के सरकार प्रमुख (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर कैबिनेट ने अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और राजग के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता कर इन निर्णयों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2017 से पहले के प्रदेश की बदहाली और असुरक्षा का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बुनियादी ढांचे, रोजगार, कृषि, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास में हुए बदलावों को गिनाया।

जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से नई पहचान मिलेगी। योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने शुक्रवार को एयरपोर्ट का नाम 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर' रखने का प्रस्ताव पारित कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन के मीडिया सेंटर में दोनों उपमुख्यमंत्रियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों के साथ पत्रकार वार्ता में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े विमानन केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की अविराम सेवा यात्रा के अभिनंदन में मंत्रिपरिषद ने विशेष प्रस्ताव पारित किया है। सात अक्टूबर को इस यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। वर्ष 2014 में काशी आने पर उन्होंने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध प्रदेश के विकास का आधार बना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सात अक्टूबर देश के इतिहास में गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की अनवरत यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है। उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन करती है।

प्रदेश के लिए यह विशेष गौरव का विषय 

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने खुद इस प्रस्ताव के पारित होने पर कहा कि प्रदेश के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी धरती से लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने 'सेवा ही समर्पण' और 'राष्ट्र प्रथम' को अपना मूलमंत्र बनाते हुए राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च ध्येय बनाया है। उनकी 25 वर्ष की यात्रा जनकल्याण और जनभागीदारी के माध्यम से जनविश्वास मजबूत करने का उदाहरण है।

काशी से गहरा हुआ प्रधानमंत्री का रिश्ता

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय है। वर्ष 2014 में काशी आने पर प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी और मां गंगा से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध समय के साथ निरंतर गहरा हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह रिश्ता आज प्रदेश के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बना है। केंद्र और राज्य के साझा संकल्प तथा 'टीम इंडिया' की भावना के साथ उत्तर प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

2017 के बाद बदली शासन की कार्यसंस्कृति

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, आमजन में असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर प्रदेश ने शासन की नई कार्यसंस्कृति अपनाई। इसके परिणामस्वरूप सुशासन, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचा और निवेश के अनुकूल वातावरण उत्तर प्रदेश की पहचान बनकर उभरे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय तथा साझा प्रयासों से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तर प्रदेश अब नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी के विजन से 'फ्यूचर-रेडी' बना जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बनेगा भारत का डिजिटल एविएशन हब

यह भी पढ़ें- लखनऊ और नोएडा के बीच सोमवार को संचालित की जाएगी एक अतिरिक्त उड़ान, यात्रियों को दोपहर में भी सुविधा