विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावन मास समाप्त होते ही बढ़ी प्याज की मांग, लखनऊ में दाम 65 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचे

Published: Sat, 29 Aug 2026 04:21 PM (GMT+05:30)

Lucknow Market Rates: फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने इसका फायदा उठाते हुए 60 रुपये प्रति किलोग्रम बिकने वाले प्याज को 65 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचा।

सब्जी मंडी में प्याज व लहसुन की डिमांड दोगुनी से ज्यादा हो

सब्जी मंडी में प्याज व लहसुन की डिमांड दोगुनी से ज्यादा हो

HighLights

  1. तीन ट्रक लहसुन की बिका, होटल व रेस्टोरेंट के साथ घरों में डिमांड बढ़ी

  2. दुबग्गा सब्जी मंडी में छह ट्रक व सीतापुर मंडी में दो ट्रक पहुंचा प्याज, चंद घंटों में बिका

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सावन मास के समाप्त होते ही दुबग्गा के साथ सीतापुर सब्जी मंडी में प्याज व लहसुन की डिमांड दोगुनी से ज्यादा हो गई है। शनिवार सुबह मंडियों में आया आठ ट्रक प्याज 11 बजे तक खत्म हो चुका था।

सावन में 28 से 35 रुपए थोक में बिकने वाला प्याज 29 अगस्त को 40 रुपये प्रति किलोग्राम बिका, हालांकि यह सबसे अच्छी श्रेणी वाला था। फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने इसका फायदा उठाते हुए 60 रुपये प्रति किलोग्रम बिकने वाले प्याज को 65 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचा।

लखनऊ की पाश कालोनियों जैसे गोमतीनगर, महानगर व इंदिरा नगर में तो प्याज 70 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिक गया। अभी प्याज के दाम बढ़ने से आढ़तियों ने इनकार नहीं किया है, लेकिन प्याज को लेकर बहुत मारामारी नहीं रही।

थोक में 120 से 200 रुपए प्रति किलोग्राम बिकने वाला लहसुन, इसी दाम पर बिका। फुटकर में 60 रुपये पाव यानि 280 रुपए प्रति किलोग्रम बिका। वहीं अच्छा व बड़ी फांक वाला लहसुन फुटकर में 320 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिका। बंगलुरु वाली अदरक 50 से 60 रुपए प्रतिकिलोग्राम बिकी, इसके दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं रही।

दुबग्गा मंडी के आढ़ती शाहनवाज ने बताया कि दुबग्गा मंडी में छह ट्रक प्याज आया था, एक ट्रक में 18 टन माल होता है। जो लखनऊ के अलावा रायबरेली, उन्नाव, हरदोई के कई कस्बों में जाता है, सावन के बाद आज प्याज की डिमांड दोगुनी रही।

एक सप्ताह प्याज की आवक इसी तरह तेज बनी रही तो दाम स्थिर हो जाएंगे या फिर कुछ गिर सकते हैं। 29 अगस्त को दुबग्गा सब्जी मंडी में प्याज की छह ट्रक चंद घंटों में बिक गई, प्याज में पांच रुपए की तेजी रही। सीतापुर रोड सब्जी मंडी के आढ़ती सोनल सोनकर ने बताया दो ट्रक प्याज मंडी आया था, जो कुछ ही घंटों में बिक गया।

उनके मुताबिक लहसुन व अदरक में कोई तेजी नहीं है और प्याज आसानी से उपलब्ध है। आढ़तियों के मुताबिक नानवेज की दुकानों में प्याज व लहसुन की खपत बढ़ने के साथ ही होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट संचालक बड़ी मात्रा में प्याज का प्रयोग करते हैं। अगर दाम नहीं गिरे तो होटल संचालक जरूर प्याज खाने की थाली में कम करना शुरू कर देंगे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में मेट्रो एलिवेटेड के ऊपर से निकलेगा दुबग्गा फ्लाईओवर, पांच लाख की आबादी को सीधा फायदा

यह भी पढ़ें- प्याज की कीमतों में उछाल: नासिक से आवक घटने से कानपुर-आगरा में बढ़े दाम