विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले सीएम योगी, किस मुद्दे पर हुई बात?

Published: Fri, 15 May 2026 08:10 AM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस ...और पढ़ें

सीएम योगी ने अमित शाह से की मुलाकात।

सीएम योगी ने अमित शाह से की मुलाकात।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से अलग-अलग भेंट कर प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की।

इस मुलाकात के बाद चर्चा यह भी है कि 10 मई को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा जल्द हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने अमित शाह के आवास पर करीब एक घंटे तक बैठक की, जिसमें प्रदेश में हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है।

संगठन और सरकार के समन्वय तथा वर्ष 2027 विधान सभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। गृह मंत्रालय व मुख्यमंत्री योगी की ओर से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर साझा की गई तस्वीरों में मुख्यमंत्री अमित शाह को पुष्पगुच्छ भेंट करते दिखाई दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पटुका और फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर मुलाकात की फोटो पोस्ट करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताते हुए समय देने के लिए नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया।

मंत्रिमंडल विस्तार में योगी सरकार में छह नए चेहरों को शामिल किया गया है जबकि दो राज्यमंत्रियों का प्रमोशन किया गया है। माना जा रहा है कि विभागों का बंटवारा केवल प्रशासनिक आधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मिशन-2027 की रणनीति के तहत किया जाएगा। ऐसे में इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- यूपी में आंधी-तूफान से 113 लोगों की मौत, सीएम योगी ने 24 घंटे के अंदर मुआवजा जारी करने के दिए निर्देश