विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी ने पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से नवाजा, शहीद परिवार को भी किया सम्मानित

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:09 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया। इस ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी ने पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

  2. पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक 'संघर्ष' का विमोचन किया।

  3. शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को सम्मानित किया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले हर जिले में माफिया का बोलबाला था। माफिया समानांतर सरकार चलाते थे। सरकार माफिया के सामने नाक रगड़ती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है।

अब उत्तर प्रदेश पुलिस ‘आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प’ थीम पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बंद चैंबर में बैठकर किसी के प्रति कोई भी टिप्पणी करना आसान है। कोई व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो और उसे अपने पद का कितना भी गुरूर हो, सुरक्षा हटा दी जाए तो अराजकता के माहौल में उसे भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगेगी।

लोक भवन में गुरुवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए। पुलिस के 87 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी भी दिखाकर रवाना किया। साथ ही पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद सरकार ने पुलिस सुधारों को आगे बढ़ाया। प्रकाश सिंह ने जिस पुलिस रिफार्म की वकालत की थी, उसे उत्तर प्रदेश ने देश में सबसे पहले लागू किया। आज यूपी पुलिस के सामने विचार, वीरता और तकनीक, तीनों का समन्वय दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ चिंतन तभी संभव है, जब समाज में सुरक्षा का वातावरण हो। जब तराई क्षेत्र आतंकवाद की चपेट में था, तब पुलिस व सेना की सुरक्षा में ही आवागमन संभव था। उस समय डीजीपी के रूप में प्रकाश सिंह ने इन चुनौतियों का सामना किया। उत्तर प्रदेश ने पुलिस सुधारों को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती है।

कोविड काल के ढाई-तीन वर्षों में प्रदेश में लगभग 24 हजार लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में राज्य में हर वर्ष 23-24 हजार लोगों की जान चली जाती है। पद्मश्री व पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह ने कहा कि उन्होंने यह पुस्तक आत्मकथा के रूप में नहीं, बल्कि अपने सेवाकाल के कुछ अविस्मरणीय अनुभवों और उनसे मिलने वाली सीख को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लिखी है।

वहीं, स्वामी धर्मबंधु ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के साथ आध्यात्मिकता भी आवश्यक है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि सड़क सुरक्षा और पुलिस आधुनिकीकरण से सुरक्षित यातायात को मजबूती मिलेगी।

इंस्पेक्टर सुनील सिंह की वीरता को किया नमन

मुख्यमंत्री ने एसटीएफ के बलिदानी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह की वीरता को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने उनकी वीरता के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया है। यूपी पुलिस को पहली बार यह गौरव प्राप्त हुआ है।

सुनील कुमार सिंह ने 22 जनवरी 2025 को आमने-सामने की मुठभेड़ में चार दुर्दांत अपराधियों को मार गिराया था। इस दौरान वह अपराधियों की गोलियों से गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनका बलिदान हुआ। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी व परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया।

गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर घोषित वीरता पदक

  • देवदत्त सिंह - आरक्षी, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • राजन कुमार - आरक्षी, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • रितुल कुमार वर्मा - आरक्षी, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • निपुण अग्रवाल, आईपीएस - सेनानायक, नवमी वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद
  • स्वतंत्र कुमार सिंह - अपर पुलिस उपायुक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर
  • मुन्ने सिंह - उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस, मेरठ
  • नीरज कुमार पाल - आरक्षी, नागरिक पुलिस, कमिश्नरेट गाजियाबाद
  • अशोक कुमार मीणा, आईपीएस - पुलिस अधीक्षक, हरदोई
  • कुलदीप कुमार - पुलिस उपाधीक्षक, जनपद संभल
  • गीतेश कपिल - निरीक्षक, नागरिक पुलिस, शाहजहांपुर
  • प्रवीण अहलावत - आरक्षी, नागरिक पुलिस, जनपद सहारनपुर
  • अमित - निरीक्षक, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • अंगद सिंह यादव - उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • डॉ. दीक्षा शर्मा - पुलिस उपायुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ
  • संदीप कुमार - आरक्षी, नागरिक पुलिस, कमिश्नरेट गाजियाबाद
  • रिपुदमन सिंह - निरीक्षक, नागरिक पुलिस

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित वीरता पदक

  • धर्मेंद्र सिंह राठौर - निरीक्षक, नागरिक पुलिस, बुलंदशहर
  • केशव शांडिल्य - उपनिरीक्षक, एसटीएफ
  • राहुल कुमार - मुख्य आरक्षी, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • अजय कुमार वर्मा - उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस, जनपद मथुरा
  • घनश्याम यादव - निरीक्षक, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • अवनीश कुमार त्यागी - उपनिरीक्षक, नागरिक पुलिस, जनपद मैनपुरी
  • अमित त्रिपाठी - आरक्षी, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • अमित - निरीक्षक, नागरिक पुलिस, एसटीएफ
  • मनीष बिष्ट - निरीक्षक, नागरिक पुलिस, कमिश्नरेट गाजियाबाद
  • रणधीर सिंह - मुख्य आरक्षी, नागरिक पुलिस, एसटीएफ

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के सूबा बाजार और शास्त्री चौराहा समेत कई तिराहे होंगे आकर्षक, बदलेगी शहर की सूरत

यह भी पढ़ें- दिसंबर तक चार जिलाधिकारियों को मिलेगा प्रमोशन, सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसर