लखनऊ के अयोध्या-सुलतानपुर रोड पर बनेगा अंडरपास, वित्त मंत्रालय से मिली 240 करोड़ के बजट को मंजूरी
अयोध्या और सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए जल्द ही अंडरपास का निर्माण शुरू होगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
अयोध्या-सुलतानपुर राजमार्ग पर यातायात जाम से मिलेगी निजात।
240 करोड़ रुपये के अंडरपास प्रोजेक्ट को वित्त मंत्रालय की मंजूरी।
दशहरे से पहले हरी झंडी मिलने की उम्मीद, 2028 तक निर्माण लक्ष्य।
अंशू दीक्षित, लखनऊ। अयोध्या व सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों को जाम से निजात दिलाने के लिए जल्द ही अंडरपास बनाने का काम शुरू होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को केंद्रीय वित्त मंत्रालय से हरी झंडी का इंतजार है। माना जा रहा है कि दशहरे से पहले हरी झंडी मिलना तय है।
वित्त मंत्रालय ने अगस्त के आखिरी सप्ताह में कुछ आपत्तियां लगाकर लखनऊ फाइल भेजी थी, जिसमें संशोधन करते हुए लखनऊ एनएचएआइ ने फिर से 240 करोड़ के प्रोजेक्ट की फाइल अनुमोदन के लिए भेज दी है, पहले यह प्रोजेक्ट 100 करोड़ का था।
लखनऊ के लिए यह एक बड़ा प्रोजेक्ट होगा। भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए अयोध्या रोड पर दो अंडरपास व सुलतानपुर रोड पर जलसा रिसार्ट के पास एक अंडरपास आगामी कई दशकों तक ट्रैफिक की दृष्टिकोण से मददगार साबित होगा।
अयोध्या व वाराणसी में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह अंडरपास बनाने का प्रस्ताव डेढ़ साल पहले कागजों पर तैयार किए गए थे। तब से चल रही कागजी कार्रवाई, जल्द ही जमीन पर दिखने जा रही है। एनएचएआइ के मुताबिक स्वीकृति मिलते ही जून 2028 तक अंडरपास तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
सौ मीटर लंबा और फोर लेन बनाया जाएगा अंडरपास
एनएचएआइ अफसरों के मुताबिक आउटर रिंग रोड पर बख्शी का तालाब (बीकेटी) की ओर से आने वाले हल्के व भारी वाहन अयोध्या रोड पर सीधे तो चले जाएंगे लेकिन अगर उन्हें यू टर्न लेना हो तो अंडर पास होकर निकल सकेंगे। यह अंडरपास सौ मीटर लंबा होगा और उसे फोर लेन बनाया जाएगा। इसके बराबर से एप्रोच रोड होंगी। अंडर पास गोयल हाइट्स के आसपास बनेगा और सड़क के दोनों ओर इसे बनाया जाएगा, जिससे सुलतानपुर रोड से आने वाला ट्रैफिक भी अंडरपास से निकल सके।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
यह अंडरपास एक कार शोरूम के पास प्रस्तावित है। सड़क के दोनों तरफ अंडरपास से निकलने व जाने के लिए एनएचएआइ इंटरसेक्शन का निर्माण कराएगा। इसके बनने से किसी की जमीन व शोरूम जाने की संभावनाएं नहीं हैं। वर्तमान में आउटर रिंग रोड पर करीब साठ हजार से अधिक हल्के व भारी वाहनों का लोड प्रतिदिन का है। यह लोड प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- यूपी की एक करोड़ दीदियों को मिलेगा 100000 तक का ब्याज मुक्त लोन, महिला उद्यमी क्रेडिट योजना में मिलेगा 20000 का लाभ
इसी बजट में अयोध्या रोड से सुलतानपुर रोड तक बने किसान पथ की सर्विस रोड जो 3.5 मीटर चौड़ी बननी है, उसे भी बनाया जाना है। इसके लिए जमीन का अधिग्रहण तो हो गया था लेकिन 22 किलोमीटर सर्विस रोड दिसंबर 2027 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सर्विस रोड बनने से किसान पथ से जुड़े दर्जनों गांवों सीधे कनेक्ट हो जाएंगे, जो वर्तमान में नहीं है।
एनएचएआइ द्वारा किसान पथ के किनारे सर्विस रोड, अयोध्या रोड पर दो व सुलतानपुर रोड पर एक अंडरपास बनाएगा। इनकी डिजाइन बदली गई है, इनके बगल में एप्रोच रोड भी अब शामिल की गई है। इसलिए प्रोजेक्ट की लागत 240 करोड़ हो गई है। उम्मीद है कि अक्टूबर 2026 के प्रथम सप्ताह तक वित्त मंत्रालय से अप्रूवल आ जाएगा। -नवरत्न, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ, लखनऊ
