लखीमपुर में 7 दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का खाई में दबा मिला शव, घरवालों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
लखीमपुर में 7 दिन से लापता ई-रिक्शा चालक विनीत कुमार का कंकाल शारदा नहर के पास एक खाई में मिला। परिजन पुलिस पर तलाश में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
लापता ई-रिक्शा चालक विनीत कुमार का कंकाल मिला।
शारदा नहर के पास खाई में दबा था शव।
परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र से लापता ई-रिक्शा चालक विनीत कुमार का कंकाल रविवार को शारदा नहर के निकट अमान लाला और डुड़वा गांव के बीच एक खेत की खाई में दबा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर हिरासत में लिए गए दो युवकों से पूछताछ कर रही है।
मृतक विनीत कुमार फरधान थाना क्षेत्र के गांव सूरज सराय का रहने वाला था और वह ई रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। तीन अगस्त की शाम उसका ई-रिक्शा भंसड़िया क्रासिंग के पास लावारिस हालत में मिला था।
घरवालों की तहरीर फरधान थाना पुलिस ने चार अगस्त को गुमशुदगी और सदर कोतवाली पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। घरवालों का आरोप था कि पुलिस ने विनीत की तलाश को लेकर गंभीरता दिखाई।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर धरना दिया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और विनीत की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया। परिजनों ने इन्हीं युवकों पर विनीत की हत्या करने का आरोप लगाया था।
खबरें और भी
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि शारदा नहर के पास अमान लाला और डुड़वा गांव के बीच एक खेत की खाई में शव दबा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। शव काफी पुराना होने के कारण कंकाल की स्थिति में मिला है, जिसकी पहचान मृतक विनीत के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते विनीत की गुमशुदगी को गंभीरता से लिया होता और तलाश शुरू कर दी होती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने फरधान पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर मृतक के गांव में तनाव व्याप्त है।