Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुशीनगर में आंधी-वर्षा के दौरान पेड़ गिरने से आवागमन बाधित, डेढ़ सौ गांवों में छाया अंधेरा

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 03:48 PM (GMT+05:30)

    कुशीनगर में आंधी-वर्षा से गर्मी से राहत मिली, पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ और सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। धान व गन्ने की फसल को ...और पढ़ें

    तेज हवा और बारिश से अमवा तिवारी में मेन लाइन पर गिरे पेड़ को हटाते बिजली कर्मी। जागरण

    तेज हवा और बारिश से अमवा तिवारी में मेन लाइन पर गिरे पेड़ को हटाते बिजली कर्मी। जागरण

    HighLights

    1. कुशीनगर में आंधी-वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी से राहत।

    2. कई सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात घंटों बाधित रहा।

    3. सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप।

    जागरण टीम, कुशीनगर। एक पखवारे से प्रचंड गर्मी झेल रहे जनपद के लोगों को गुरुवार की आधी रात के बाद शुरू हुई झमाझम वर्षा से राहत मिली। हालांकि आंधी-वर्षा के दौरान कई सड़कों पर पेड़ गिरने से कई घंटे आवागमन बाधित रहा। पोल व तार टूटने से सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। वर्षा से गन्ने की फसल की भरपूर सिंचाई हुई है तो खेतों में नमी बढ़ने से धान की रोपाई कराने वाले किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।

    जनपद के खड्डा, नेबुआ नौरंगिया, रामकोला, कप्तानगंज समेत कई ब्लाकों के गांवों में आंधी का कम असर रहा है, लेकिन फाजिलनगर, कसया, हाटा व मोतीचक ब्लाक में आंधी ने कहर बरपाया है। कई गांवों में बड़ी संख्या में टीनशेड व झोपड़ियों के गिरने की सूचना है।

    खेतों व सड़कों व नहरों के किनारे बड़ी संख्या में पेड़ गिरे हैं। अहिरौली बाजार के खोट्ठा चौराहे से सोढ़रा जाने वाली नहर की पटरी पर आंधी के दौरान रात में पेड़ गिर गया। उससे लगभग आठ घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

    राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण बाइक सवारों एवं चार पहिया वाहनों के चालकों को दूसरे रास्तों से होकर आना-जाना पड़ा। सुबह वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से पेड़ को कटवाकर रास्ता को साफ कराया तो आवागमन बहाल हुआ। इसी तरह फाजिलनगर उपकेंद्र की मेनलाइन पर कई जगह पेड़ गिरने से सभी फीडरों से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

    खबरें और भी

    26pad_7_26062026_207

    तेज हवा व वर्षा से खोठ्ठा- सोढ़रा सड़क पर गिरे पेड़। जागरण


     

    उपकेंद्र में सात फीडर हैं, उनके माध्यम से डेढ़ सौ से अधिक गांवों को बिजली दी जाती है। कसया से मल्लूडीह के घाघी नदी के किनारे से होते हुए फाजिलनगर कस्बा के कालेज रोड के किनारे स्थित उपकेंद्र तक मेनलाइन आई है। रात में वर्षा के दौरान आंधी से मल्लूडीह, बरवा जंगल, मधुरिया, अमवा तिवारी समेत कई जगहों पर पेड़ गिरने से तार व बड़ी संख्या में पोल गिर गए।

    यह भी पढ़ें- कुशीनगर में अवैध संबंध में हुई युवक की हत्या के मामले में दो को आजीवन कारावास, कोर्ट ने सुनाई सजा

    इससे सभी फीडरों से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शुक्रवार की देर शाम तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी थी। सभासद कमलेश वर्मा, मनोनीत सभासद ओमप्रकाश गुप्ता व रेखा गौतम, संदीप सिंह, धीरज वर्मा, सोनू जायसवाल आदि ने कहा कि जब भी तेज हवा चलती है, क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।

    एसडीओ श्याम उर्फ पप्पू जायसवाल ने बताया कि आंधी रुकने के बाद रात में ही कर्मचारियों की टीम फाल्ट ठीक करने में जुट गई थी। अधिकांश गांवों में बिजली की आपूर्ति सामान्य हो गई है। कुछ गांवों में मरम्मत कार्य चल रहा है, देर शाम सभी फीडरों से जुड़े गांवों की स्थिति सामान्य हो जाएगी।