Kanpur Weather Update: कानपुर में 3 दिन बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
कानपुर में रविवार को तेज धूप के बाद मौसम ने करवट ली और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 9 से 11 अगस्त तक हल्की से मध्यम वर्षा ...और पढ़ें

HighLights
रविवार को कानपुर में तेज धूप के बाद बूंदाबांदी हुई।
9 से 11 अगस्त तक हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना।
तेज हवा, गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार।
जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर में रविवार सुबह तेज धूप के बाद दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल छाने लगे और शाम को कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। हालांकि, दिन में वर्षा नहीं होने से उमस बनी रही। अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने अगले तीन दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वातावरण में नमी का प्रवाह बढ़ रहा है। नई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से 9 से 11 अगस्त तक कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कहीं-कहीं रुक-रुककर वर्षा हो सकती है। देर रात या सोमवार तड़के कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के साथ वर्षा होने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ तेज बौछार के आसार
डा. पांडेय ने बताया कि वर्षा के दौरान तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बौछार के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है। वर्षा होने पर तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि वर्षा थमने के बाद उमस बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। दिन में कुछ समय के लिए धूप निकलने से उमस बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 32 से 33 और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।