UPT20 League : आज लांच होगा यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण का मैच टिकट, 100 से 10 हजार रुपये तक हो सकती हैं टिकट दरें
यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के टिकट आज लखनऊ में लॉन्च होंगे, जिनकी बिक्री बुक माय शो पर 100 ...और पढ़ें

HighLights
100 से 10 हजार रुपये तक हो सकती लीग मैचों की टिकट दरें, बुक माय शो पर आनलाइन होगी बिक्री
कानपुर, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, वाराणसी, नोएडा, गोरखपुर जैसे शहरों में बनेंगे टिकट बिक्री केंद्र
जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपी टी-20 लीग लीग के चौथे संस्करण के लिए टिकट की लांचिंग 20 जुलाई को लखनऊ में होने वाले समारोह से होगी। चौथा सीजन के मुकाबले लखनऊ के इकाना और कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम खेले जाएंगे। 14 अगस्त से शुरू होने वाली लीग के 22 मुकाबले इकाना और 12 मुकाबले ग्रीन पार्क की मेजबानी में खेले जाएंगे। लीग में 100 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक के टिकट क्रिकेट प्रेमी खरीद सकेंगे। चौथे सीजन में स्टूडेंट टिकट के साथ फैमिली और कार्पोरेट टिकट पहली बार आनलाइन माध्यम से भेजे जाएंगे। बुक माय शो पर क्रिकेट प्रेमी अपनी पसंद के मुकाबलों के टिकट खरीद सकेंगे।
24 जुलाई को आगरा के होटल ताज में होने वाले मिनी आक्शन से पहले गवर्निंग काउंसिल टिकट को लांच करेगा। इसके लिए उद्घाटन समारोह स्थल इकाना स्टेडियम का चयन किया गया है। जहां से गवर्निंग काउंसिल के सदस्य चौथे सीजन के लिए टिकट का प्रारूप लांच करेंगे। बताया जा रहा है चौथे सीजन के लिए बने टिकट में कानपुर और लखनऊ के साथ वाराणसी, मेरठ, नोएडा, गोरखपुर की विरासत को अंकित किया गया है।
100 रुपये के टिकट स्टूडेंट आफलाइन काउंटर से कालेज का प्रवेश कार्ड दिखाकर हासिल कर सकेंगे। जबकि फैमिली और कार्पोरेट टिकट की बुकिंग आनलाइन की जाएगी। चौथे सीजन में टिकट की बिक्री दो चरणों में की जाएगी। पहले चरण में लखनऊ में होने वाले उद्घाटन समेत 22 मैचों के टिकट बेचे जाएंगे। वहीं, दूसरे चरण में नाकआउट और फाइनल सहित 12 मैचों की बिक्री होगी।
गवर्निंग काउंसिल चौथे सीजन में पूर्व क्रिकेटर और बलिदानी के परिवार को निश्शुल्क मैच दिखाने की योजना बना रहा है। हर मैच में पूर्व क्रिकेटर और बलिदानियों के परिवार के लिए मैच टिकट आरक्षित किए जाएंगे।
