थाईलैंड की युवती से Insta पर दोस्ती, प्यार और शादी... फिर 60 लाख ठग कारोबारी बोला- मतांतरण करो, कानपुर आकर कराया केस
थाईलैंड की एक युवती ने कानपुर के इरफान पर शादी के नाम पर 60 लाख रुपये ठगने और मतांतरण का ...और पढ़ें

थाईलैंड की युवती और इरफान। पुलिस
HighLights
मोबाइल फोन पर संपर्क न होने पर शहर आई युवती, वाट्सएप लोकेशन की मदद आरोपित के घर पहुंच किया हंगामा
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की दोस्ती, थाईलैंड आता-जाता रहता था आरोपित,अनवरगंज थाने में दर्ज किया मुकदमा
जागरण संवाददाता, कानपुर। लाटूश रोड के इरफान पर थाईलैंड की युवती ने शादी करके करीब 60 लाख रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से इरफान से उसकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद दो साल पहले दोनों थाईलैंड में मिले और वहीं शादी कर ली।
आरोप है कि शादी के बाद इरफान ने कारोबारी व अलग-अलग अन्य जरूरतें बताकर उससे करीब 60 लाख रुपये ले लिए। छह माह पहले वह थाईलैंड से वापस आ गया और उससे संपर्क करना बंद कर दिया। पीड़िता चार दिन पहले शहर पहुंची।

यहां एक अधिवक्ता की मदद से वाट्सएप लोकेशन के जरिए सोमवार रात जब आरोपित के घर पहुंची तब पता चला कि इरफान पहले से ही शादीशुदा है। अपने रुपये मांगने पर उसे पीटा गया। मंगलवार शाम पीड़िता ने आरोापित के खिलाफ अनवरगंज थाने में मारपीट, धोखाधड़ी, मतांतरण समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
थाईलैंड निवासी उपसार्न रेस्टोरेंट संचालक है। उसके अनुसार, इरफान ने खुद को टेनरी कारोबारी बताया। वह जब व्यापार के सिलसिले में जब वह थाईलैंड आता था तो उसके घर पर ही रुकता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच करीबियां बढ़ीं।
दो साल पहले इरफान ने शादी का प्रस्ताव रखा तो युवती ने थाईलैंड की रीति-रिवाज से शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद इरफान ने कारोबार बढ़ाने के लिए उससे रुपये मांगे। युवती ने अलग-अलग किस्तों में करीब 60 लाख रुपये देने की बात कही है।
इसके बाद वह मार्च में वापस अपने घर आ गया। उसने उससे संपर्क करना बंद कर दिया। एक दो बार फोन पर बात हुई तो उसने बीमारी का बहाना बनाया। पीड़िता के अनुसार कई बार फोन करने पर एक दिन उसने अपने दोस्त के जरिए फोन पर बात की।
दोस्त ने कहा कि इरफान के घर वाले इस शादी को नहीं मानेंगे। अगर शादी करनी है तो उसे इस्लाम धर्म स्वीकार करना होगा और बुर्के में रहना पड़ेगा। जब इरफान से बात की तो उसने भी यही कहा। उसके बाद कई बार संपर्क का प्रयास करने के बाद भी बात नहीं हुई तो चार दिन पहले वह शहर आई।
एक परिचित की मदद से वह लाटूश रोड स्थित इरफान के घर पहुंची, जहां पता चला कि इरफान शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। 14 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसने अपने रुपये वापस मांगे तो उससे मारपीट की गई। हंगामा होने वह वहां से चली आई।
मंगलवार सुबह उपसार्न अधिवक्ता महताब अली के साथ एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के कार्यालय पहुंची और शिकायत की। महिला ने पुलिस को शादी की तस्वीरें, कार्ड, पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज सौंपे, लेकिन इरफान का घर लाटूश रोड पर होने के चलते उन्होंने एसीपी अनवरगंज को जांच करने की बात कहकर उनके पास भेजा। जहां पुलिस ने इरफान व उसके स्वजन और पीड़िता व उसके अधिवक्ता का आमना-सामना करा पूछताछ की।
पीड़िता ने यह भी कहा कि युवती ने कहा कि वह अब केवल अपने रुपये वापस चाहती है। उसके अनुसार उसे हर महीने अपने देश के बैंक में भुगतान करना पड़ता है और जिन लोगों से उसने रुपये उधार लिए हैं, उन्हें भी रकम लौटानी है।
थाईलैंड की युवती ने लाटूश रोड के इरफान पर शादी करने के बाद लगभग 60 लाख रुपये लेकर संपर्क समाप्त करने का आरोप लगाया है। पीड़िता उसे तलाशते हुए उसके घर पहुंची तो उससे मारपीट की गई। उस पर मतांतरण करने का दबाव बनाया गया। आरोपित पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण की जांच चल रही है।
- अतुल कुमार श्रीवास्तव, डीसीपी सेंट्रल
