विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मकनपुर मेले में छाया 51 लाख का 'सम्राट', काजू-बादाम और दूध है डाइट, खूबसूरती देख दंग रह गए लोग

Updated: Sun, 25 Jan 2026 02:00 AM (IST)

मकनपुर पशु मेले में 51 लाख रुपये का 'सम्राट' घोड़ा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कन्नौज के सर्वदा मिश्रा का यह जयमंगल नस्ल का सफेद घोड़ा अपनी ऊंची कीमत ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। मकनपुर पशु मेले में इन दिनों बिक्री के लिए लाया गया एक घोड़ा खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। घोड़े की कीमत 51 लाख रुपये तय की गई है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। कीमत अधिक होने के कारण अब तक इसका कोई खरीदार नहीं मिला है।

घोड़े का नाम सम्राट रखा गया है और इसके खान-पान पर प्रतिदिन लगभग एक हजार रुपये खर्च होने की बात सामने आई है।

घोड़े के मालिक कन्नौज के सर्वदा मिश्रा ने बताया कि वह सम्राट को फिलहाल केवल मेले में प्रदर्शित करने के उद्देश्य से लाए हैं। उन्होंने बताया कि इस घोड़े को पंजाब से 10 महीने की उम्र में तीन लाख रुपये में खरीदा गया था, जो अब दो वर्ष से अधिक का हो चुका है।

सम्राट का रंग पूरी तरह सफेद है और उसके शरीर पर कहीं भी कोई धब्बा नहीं है। यह घोड़ा जयमंगल नस्ल का है, जिसकी पहचान उसकी लंबाई, ऊंचाई और मजबूत बनावट से होती है।

वर्तमान में इसकी फड़ 35 इंच है, जो आगे चलकर लगभग 70 इंच तक पहुंचने की संभावना है। मालिक के अनुसार, इस नस्ल के घोड़े पहले राजा-महाराजा रखते थे, जबकि अब इन्हें केवल रईस और शौकीन लोग ही खरीदते हैं। सम्राट की रोजाना डाइट भी खास है।

इसमें एक किलो भुना चना, तीन किलो गेहूं की दलिया, दो किलो जौ, एक किलो बाजरा, 100-100 ग्राम काजू-बादाम और दो लीटर दूध शामिल है। इस पर प्रतिदिन करीब एक हजार रुपये खर्च होते हैं। मेले में सम्राट को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।