नाना ने निभाया था ठगों को ठगने वाले कनपुरिया का किरदार, यूपी पुलिस ने बनाई थी शॉर्ट फिल्म
बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया, जिससे उनके प्रशंसकों में शोक की लहर ...और पढ़ें

HighLights
नाना पाटेकर का 75 वर्ष की आयु में गोवा में निधन।
यूपी पुलिस की साइबर जागरूकता फिल्म में निभाया था किरदार।
कानपुर के भूपेन्द्र सिंह की कहानी पर आधारित था रोल।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बॉलीवुड फिल्म क्रांतिवीर, परिंदा, प्रहार, अंकुश, नट सम्राट और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग किरदारों में प्रशसंकों के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह 75 वर्ष की आयु में गोवा में निधन हो गया। अभिनेता नाना से एक लघु फिल्म से जुड़ा किस्सा कानपुर का भी है।
बर्रा विश्वबैंक के रहने वाले भूपेन्द्र सिंह ने वर्ष 2025 के छह मार्च को डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश कर रहे साइबर ठग को सबक सिखाने के लिए उल्टा 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। यह उनकी जागरूकता के कारण संभव हो सका था।
ऐसे में यूपी पुलिस ने साइबर जागरूकता के लिए जो डाक्यूमेंट्री बनाई थी, उसमें भूपेन्द्र की भूमिका नाना पाटेकर ने निभाई थी। नाना पाटेकर भले ही कभी कानपुर न आए हों, लेकिन वो कनपुरिया अंदाज के हमेशा प्रशंसक रहे। उनके निधन की खबर फैलते ही शहर में उनके प्रशंसकों में शोक व्याप्त हो गया। इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर उन्होंने चहेते अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
नाना जैसा सोचते थे, वैसा ही बोलते थे
पूर्व सांसद सुभाषिनी अली ने बताया कि मुझे याद है कि वर्ष 1974 के करीब नाना पाटेकर का नाटक देखने गए थे। तब उनसे वहां मिलना हुआ। वर्ष 1978 में रिलीज नाना पाटेकर की पहली फिल्म गमन फिल्म की पटकथा असगर वजाहत के साथ मिलकर लिखी। इससे उनसे जुड़ाव बढ़ गया। वो काफी मिलनसार व्यक्ति थे। वो जैसा सोचते थे, वैसा ही बोलते थे। ये खासियत उन्हें औरों से अलग बनाता था। वो परिवर्तनशील व्यक्ति थे। एक दौर था जब महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या कर रहे थे, उन्होंने उन परिवारों की हरसंभव मदद की।
गर्व है कि महान अभिनेता ने मेरी कहानी पर लघु फिल्म बनाई
कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव व जागरूकता के लिए बर्रा विश्वबैंक निवासी भूपेन्द्र सिंह को ब्रांड एंबेस्डर बनाया था। उन्होंने बताया कि मेरे लिए गर्व की बात है कि महान अभिनेता नाना पाटेकर ने मेरी कहानी पर आधारित एक लघु फिल्म स्कैम फाइल्स: डिजिटल अरेस्ट में किरदार निभाया।
2025 में जब इस लघु फिल्म के बारे में इंटरनेट मीडिया से जानकारी मिली तो नाना पाटेकर से ईमेल के माध्यम से संपर्क करने पर टीम ने आश्वस्त किया था कि फिल्म बनने पर अभिनय का मौका दिया जाएगा। आज नाना के निधन की खबर मिलने पर मन दुखी रहा।
क्रांतिवीर फिल्म की शूटिंग के समय नाना से मुलाकात अविस्मरणीय रही
बॉलीवुड फिल्मों में बतौर लाइन प्रोड्यूसर कार्य कर रहे रिजवान अख्तर ने बताया कि करियर की शुरुआत में मुंबई और मध्य प्रदेश के भोपाल में क्रांतिवीर फिल्म की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर के साथ काम करने का अवसर मिला।
रिजवान ने बताया कि उस फिल्म में मैं डायरेक्शन यूनिट का हिस्सा थे। तब नाना को करीब से जानने का मौका मिला। उस समय बिताए पल अविस्मरणीय बन गए। शांत स्वभाव और समय के पाबंद नाना का शूटिंग स्थल पर हर कोई उनका प्रशंसक था। वो फिल्मी दुनिया में आने वाले युवाओं को मेहनत करने और धैर्य रखने के लिए प्रोत्साहित करते थे।
संकल्प वेब सीरीज की शूटिंग में हुई मुलाकात ने प्रशंसक बना दिया
बॉलीवुड फिल्म में लाइन प्रोड्यूसर नवल अग्रवाल बताते हैं वर्ष 2026 के मार्च में रिलीज वेब सीरीज संकल्प की शूटिंग के समय अभिनेता नाना पाटेकर से मिले थे। शूटिंग के समय प्रोडक्शन हो या डायरेक्शन या मेकअप यूनिट का स्टाफ, सभी के साथ उनका व्यवहार हमेशा मित्रवत रहा। वो हमेशा सभी को हंसाते रहते थे।
उन्हाेंने बताया कि वो सादा खाना पसंद करते थे। शूटिंग के समय वो हर परिस्थिति में खुद को ढाल लेते थे। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसकी आवाज, संवाद अदायगी और अभिनय शैली लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बनी रहेगी।
