Kanpur Double Suicide Case: प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, महाराजपुर में पेड़ पर एक ही साड़ी से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव
कानपुर के महाराजपुर स्थित सुभौली गांव में रेलवे लाइन किनारे एक पेड़ से महिला और युवक के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने बताया कि दोनों प्रेमी प्रेमिका थे।

पेड़ में फंदे पर लटके दोनों के शव। वीडियो ग्रैब
HighLights
उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है महिला, युवक की नहीं हो सकी पहचान
महाराजपुर के सुभौली गांव में हुई घटना, तीन दिन पहले महिला की दर्ज हुई थी गुमुशुदगी
युवक की जेब से मिली बाइक की चाबी मिली, जांच में नहीं मिली आसपास कहीं बाइक
शैलेंद्र त्रिपाठी, महाराजपुर (कानपुर)। Kanpur Double Suicide Case: महाराजपुर के सुभौली गांव के पास रेलवे लाइन किनारे महिला व युवक के शव पेड़ पर फंदे से लटके देख सनसनी फैल गई। शनिवार दोपहर जब उधर से लोग निकले तब घटना की जानकारी हुई। सुभौली गांव के पास शनिवार दोपहर डेडिकेटेड फ्रेट कारीडोर (डीएफसी) रेलवे लाइन के किनारे पेड़ पर लगभग 30 वर्षीय महिला व 25 वर्षीय युवक के शव फंदे पर लटकते मिले। महिला की साड़ी के दोनों छोर से अलग-अलग फंदों पर एक साथ उनके शव लटक रहे थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
हत्या की आशंका
महिला के कपड़ों से मिले मोबाइल फोन और पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई। स्वजन ने महिला के तीन दिन पहले प्रेमी के साथ जाने की बात बताई। वहीं, ग्रामीण हत्या कर दोनों शव लटकाने की आशंका जता रहे हैं।
महिला के फोन से दो अनजान नंबर पर कॉल हुई
पुलिस को महिला के कपड़ों से पर्स व मोबाइल मिला, जिसका सिमकार्ड भी अलग रखा था। इसके अलावा 4200 रुपये व आधार कार्ड था। महिला के फोन से दो अनजान नंबर पर कॉल हुई थी, जिसमें एक वाराणसी व एक अन्य जगह का निकला। अब पुलिस काल डिटेल रिकार्ड निकलवा रही है। जांच में युवक के कपड़ों से बाइक की चाबी मिली, पर आसपास कहीं भी बाइक नहीं दिखी।
तीन दिन पहले महिला प्रेमी के साथ चली गई थी
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि महिला की बहन ने बताया कि आठ साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। तीन दिन पहले बहन घर से प्रेमी के साथ चली गई थी। उन्होंने प्रेमी युवक का नाम ओम व उसके उन्नाव निवासी होने का अनुमान लगाया। उसकी कोतवाली में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।

महाराजपुर में महिला व उसके प्रेमी के शव मिलने के बाद मौके पर जांच करतीं एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह। ग्रामीण
युवक की पहचान अभी तक नहीं
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया परिवार कोई आरोप नहीं लगा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक के शव की पहचान के लिए उन्नाव और आसपास जिलों की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
महिला और युवक के शव फंदे पर लटकते मिले हैं। महिला की पहचान हो चुकी है, जबकि युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है।
- शिवा सिंह, एडीसीपी पूर्वी
चाबी तो मिली लेकिन बाइक नहीं
उन्नाव से महिला महाराजपुर के सुभौली कैसे पहुंची। प्रेमी युगल को आत्महत्या करनी ही थी तो सुभौली आकर एकदम सूनसान जगह कैसे पहुंचे। क्या प्रेमी का कोई जुड़ाव सुभौली या आसपास के क्षेत्र से है। कहीं प्रेमी सुभौली से जुड़े रूमा या चकेरी औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी तो नहीं करता था। वहीं दिवंगत युवक की जेब से बाइक की चाबी बरामद हुई है। लेकिन घटनास्थल के आसपास व दूर - दराज तक खेतों व अन्य जगहों पर पुलिस ने खोजबीन की। पर बाइक के बारे में कोई जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
महिला के स्वजन ने प्रेमी का नाम ओम बताया
वहीं महिला के स्वजन ने भी प्रेमी का केवल नाम ओम बताया है। उसके बारे में और कोई जानकारी होने से मना कर दिया। घटना को लेकर संभावना यही जताई जा रही है कि घरवालों के विरोध के बाद दोनों ने घर से भाग लेने का निश्चय किया। लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि दोनो ने आत्महत्या करने की सोच ली।
दिवंगत महिला के स्वजन से भी जानकारी की गई है। लेकिन प्रेमी के बारे में अभी जानकारी नहीं हो पाई है। प्रेमी की पहचान होने के बाद ही अन्य बातें स्पष्ट हो पाएंगी।
आशुतोष सिंह, एसीपी चकेरी
यह भी पढ़ें- EPFO नियमों में बड़ा बदलाव: नौकरीपेशा लोगों के लिए खुशखबरी; 25,000 हुई ईपीएफओ सैलरी लिमिट, मिलेगी ज्यादा पेंशन
यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर 25 तक रहेगा डायवर्जन, वाहन बनी से हाईवे के रास्ते जा रहे राजधानी
