Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में बिजली संकट पर उबाल... जबरदस्त हंगामा, पुलिस पर पथराव

    Updated: Wed, 20 May 2026 04:54 PM (IST)

    कानपुर में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से लोग भड़क उठे, जिससे कई इलाकों में जबरदस्त हंगामा और प्रदर्शन हुए। नाराज भीड़ ने सड़कों पर जाम लगाया, बिजली ...और पढ़ें

    कर्रही में ठाकुर चौराहे पर बिजली की आवाजाही से परेशान लोगों ने सीढ़ी लगाकर रास्ते को जाम कर दिया l जागरण

    कर्रही में ठाकुर चौराहे पर बिजली की आवाजाही से परेशान लोगों ने सीढ़ी लगाकर रास्ते को जाम कर दिया l जागरण

    HighLights

    1. भीषण गर्मी में बिजली कटौती से कानपुर में हाहाकार।

    2. नाराज लोगों ने सड़कों पर जाम लगाया, प्रदर्शन किया।

    3. पुलिस पर पथराव, केस्को अधिकारी मौके से नदारद।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। 44 डिग्री से ऊपर के तापमान और प्रचंड गर्मी में बिजली के झटकों से मंगलवार रात लोगों का धैर्य जवाब दे गया। दक्षिण के तमाम इलाकों में बिजली संकट की वजह से हाहाकार जैसी स्थिति रही तो बाकी शहर में भी हायतौबा मची रही। इससे नाराज लोग सड़कों पर उतर आए। कहीं जाम लगा तो कहीं गोदी में बच्चों को लेकर महिलाओं ने बिजली घर घेर लिए।

    सोमवार पूरी रात बर्रा विद्युत कालोनी, शास्त्री चौक, बर्रा विश्व बैंक, गुजैनी और कर्रही के सबस्टेशनों में हंगामा होता रहा। वहीं हंसपुरम और साकेत नगर में भी बिजली जाने से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और कानपुर-सागर हाईवे को जाम कर दिया। वहीं, विद्युत कालोनी सबस्टेशन में लगभग दो बजे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। करीब 200 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया।

    पुलिस ने खदेड़ा तो बिगड़े हालात

    इस पर मौके पर मौजूद पुलिस ने लाठी पटककर लोगों को खदेड़ा लेकिन आधे घंटे बाद ही हालात बिगड़ गए। दोबारा पहुंची भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। बड़ी बात यह कि इन सबके बीच केस्को के अफसर नदारत दिखे। कई स्थानों पर तो लोगों में इसी बात को लेकर गुस्सा रहा कि केस्को के स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने जवाब न देना पड़े इसलिए अपने-अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और सबस्टेशनों से भाग खड़े हुए।

    शहर में बिजली आपूर्ति ध्वस्त

    केस्को का बिजली आपूर्ति सिस्टम पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और प्रचंड गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे रहा है। बर्रा के कर्रही सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से बिजली की आवाजाही बनी हुई है। यहां कई घंटे की कटौती के बाद बिजली की आवाजाही से लोगों का गुस्सा बढ़ गया। लोग सड़क पर निकल आए और लोहे के बैरियर अड़ाकर जाम लगा दिया।

    खबरें और भी

    बच्चों के साथ महिलाएं विरोध जताने आ गईं

    आक्रोशित महिलाएं भी बच्चों की अंगुलियां पकड़ करके घरों से बाहर निकल आईं और फिर कर्रही सबस्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गईं। इधर, हंगामे और जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बिजली आने तक सड़क से नहीं हटने की जिद पर लोग अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने केस्को कर्मचारियों से बातचीत करके जल्द फाल्ट ठीक कराकर सप्लाई शुरू कराने के लिए कहा।

    यहां भी कई मुहल्ले के लोग आ गए

    इसी तरह, विद्युत कालोनी सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में भी एक सप्ताह से बिजली की आवाजाही से संकट बना हुआ है। सोमवार रात 11 बजे से बिजली गुल हो गई। इंतजार के बाद भी जब दोबारा बिजली नहीं आई तो रात में ही कई मुहल्लों के लोगों ने सबस्टेशन पर धरना-प्रदर्शन किया। जानकारी पर सुबह 6:30 बजे पुलिस पहुंची। मोहल्ले के धीरेंद्र दुबे, राजेश, सुनील कुमार, अभिनव, मुन्ना, राजू, गुड्डू ने कहा कि बिजली आपूर्ति हो नहीं रही है। पूरी रात घर की महिलाएं और बच्चे गर्मी में सो नहीं पाए हैं। जेई फोन काल रिसीव नहीं कर रहे हैं।

    सुबह भी सब स्टेशन में हंगामा

    बवाल के बाद सुबह 8:05 बजे बिजली आई लेकिन आवाजाही बनी रही। गुस्साए लोग सब स्टेशन पहुंच गए। कर्मचारी लोगों को देख भाग खड़े हुए तो सब स्टेशन पर उपभोक्ताओं ने ताला डाल दिया। देर रात भी यहां बिजली नहीं आई थी और लोग बवाल पर उतारू हो गए। तनाव को देखते हुए विद्युत कालोनी स्टेशन पर कई थानों का फोर्स पहुंचा।

    सब्र दे गया जवाब, पथराव

    रात करीब दो बजे पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ लोगों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने लोगों को लाठी पटककर खदेड़ा। करीब आधे घंटे बाद दोबारा भीड़ इकट्ठा हुई और फिर से पथराव शुरू कर दिया। सपा नेता सम्राट विकास भी मौके पर पहुंचे। उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। खबर लिखे जाने तक लोगों का प्रदर्शन जारी था।

    इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित

    प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि शास्त्री चौक से सचान चौराहा तक के दोनों तरफ की कालोनियों और बर्रा एक से छह तक में बिजली का संकट है। बिजली कर्मियों की लापरवाही से जेपी कालोनी, हलुआखाड़ा, चरन सिंह कालोनी, मलिक कालोनी, रामेश्वरनगर, कच्ची व पक्की बस्ती, गोविंदनगर आंशिक समेत अन्य कई क्षेत्रों में परेशानी है। हेल्पलाइन से भी राहत नहीं मिल पा रही है।

    इस वजह से नहीं आ रही बिजली

    विद्युत कालोनी सबस्टेशन के जेई सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार रात 11:30 बजे 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस वजह से 11केवी लाइन की संपूर्ण सप्लाई बाधित हो गई थी। फिर दोबारा मंगलवार सुबह 8:05 आपूर्ति चालू हो पाई थी। वार्ड-34 रतनलाल नगर के पार्षद नीरज गुप्ता ने बताया कि बर्रा-सात में एक फेस उड़ गया है। सुबह से बिजली नहीं आ रही है।

    देर रात तक चला हंगामा

    इधर कर्रही में मंगलवार शाम को दोबारा बिन बिजली बेहाल लोगों का गुस्सा सबस्टेशन पर फट पड़ा। लोगों ने जमकर हो-हल्ला मचाया। यहां भी महिलाएं बच्चों को लेकर सड़क पर उतरीं और सीएम ग्रिड सड़क निर्माण के लिए रखे बैरियर की मदद से सड़क जाम कर दी। यहां भी देर रात तक हंगामा चल रहा था।

    जवाब दे रहा धैर्य

    संर्घषनगर कर्रही के योगेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे लक्ष्मण पार्क में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। मंगलवार शाम चार बजे बिजली दुरुस्त हुई है। फिर भी लो-वोल्टेज आ रहा है। घर का तार टूट गया है। इसे जुड़वाने को निहारिका सबस्टेशन पर कई घंटे बैठे रहे। तार नहीं जुड़ पाया है, हेल्पलाइन नंबर 1812 पर काल की थी। यह नंबर काम नहीं कर रहा है। समस्या बताने के बीच में ही यह नंबर डिस्कनेक्ट हो जा रहा है। केस्को एमडी कार्यालय के नंबर पर काल की तो किसी महिला ने आवाज नहीं आ रही है, कहकर फोन काट दिया।

    महिला ने रो-रो कर बताया बिजली का हाल

    बर्रा बाईपास जरौली फेज-दो में गुल हुई बिजली 20:30 घंटे बाद दोपहर 3:30 बजे बहाल हुई है। यहां की दीपाली गुप्ता ने फोन पर रो-रोकर बताया कि सोमवार शाम सात बजे बिजली चली गई थी। पूरी रात बिजली आने के ही इंतजार में गुजर गई। बच्चे गर्मी में बिलबिलाते रहे, सो नहीं पाए। सुबह से दोपहर हो गई पर बिजली नहीं आई। एक-एक बूंद पानी को तरस रहे हैं।