कानपुर में कमजोर पड़ा मानसून, टाइफून डाल्फिन और ट्रफ लाइन खिसकने से तीन दिन नहीं होगी अच्छी बारिश
कानपुर में अगले दो-तीन दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना कम है, क्योंकि टाइफून डाल्फिन और मानसून ट्रफ लाइन के खिसकने से मानसूनी गतिविधियां कमजोर हुई हैं ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर में अगले तीन दिन कमजोर रहेगा मानसून।
टाइफून डाल्फिन और ट्रफ लाइन खिसकने से नमी कम।
तेज धूप और उमस के साथ छिटपुट बूंदाबांदी संभव।
जागरण संवाददाता, कानपुर। वर्षा का इंतजार कर रहे शहरवासियों को फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। अगले दो-तीन दिनों तक तेज धूप और उमस परेशान कर सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार चीन के पूर्वी तट पर सक्रिय टाइफून डाल्फिन का असर बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी पर पड़ रहा है। वहीं मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश से खिसककर मध्य प्रदेश की ओर चली गई है। इन दोनों कारणों से मानसूनी गतिविधियां कमजोर हुई हैं। ऐसे में अगले तीन दिनों तक कानपुर में अच्छी वर्षा की संभावना कम है। हालांकि स्थानीय स्तर पर मौसम तंत्र बनने पर शाम या रात में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।
टाइफून डाल्फिन प्रभावित कर रहा नमी की आपूर्ति
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चीन के पूर्वी तट पर सक्रिय टाइफून डाल्फिन बंगाल की खाड़ी से भारतीय उपमहाद्वीप की ओर आने वाली नमी को प्रभावित कर रहा है। इसका असर मानसूनी हवा पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि टाइफून भारत से करीब चार हजार किलोमीटर से अधिक दूर है, इसके बावजूद बड़े स्तर पर वायुमंडलीय परिसंचरण को प्रभावित कर रहा है। बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त नमी नहीं मिलने के कारण उत्तर भारत में मानसून कमजोर पड़ा है।
डा. पांडेय ने बताया कि मानसून की ट्रफ लाइन भी उत्तर प्रदेश से हटकर मध्य प्रदेश की ओर चली गई है। इसके कारण यूपी में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां कमजोर हुई हैं। अरब सागर से आने वाली मानसून की शाखा सक्रिय होने के बावजूद बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं की कमजोरी का असर उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। पिछले दिनों सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ भी अब कमजोर पड़ चुका है।
तेज धूप के साथ बढ़ेगी उमस
सोमवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप के कारण उमस बढ़ी रही। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार अगले दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण तापमान सामान्य रहने के बावजूद गर्मी और उमस अधिक महसूस होगी।
खबरें और भी
शाम को बन सकता है स्थानीय सिस्टम
दिन में तेज धूप के बाद शाम को स्थानीय स्तर पर कम दबाव जैसी स्थिति बनने पर शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि बारिश व्यापक नहीं होगी। एक क्षेत्र में बूंदाबांदी होने के दौरान दूसरे हिस्से में मौसम पूरी तरह सूखा रह सकता है। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।