कानपुर सपा विधायक का हठ योग, स्कूल बनने तक कुर्ता पहनेंगे न चप्पल जूता, डमरू बजाकर किया ये एलान
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कानपुर के परमट प्राथमिक विद्यालय में शिलान्यास विवाद को लेकर 'हठ योग' शुरू किया है। उन्होंने पुलिस पर नजरबंदी का आरोप लगा ...और पढ़ें

HighLights
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने 'हठ योग' शुरू किया
स्कूल बनने तक कुर्ता-चप्पल न पहनने का संकल्प
पुलिस ने नजरबंदी के आरोप को खारिज किया
जागरण संवाददाता, कानपुर। परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर भाजपा और सपा के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार सुबह और गहरा गया। गुरुवार को आधी रात करीब सवा 12 बजे सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने वीडियो संदेश जारी कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। सुबह स्कूल न बनने तक हठ योग की घोषणा कर दी।
विधायक का कहना है कि उनके गीता नगर स्थित आवास और परमट प्राथमिक विद्यालय के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्तों को घेर लिया है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं शुक्रवार सुबह डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने नजरबंदी की बात को खारिज करते हुए कानून व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस की तैनाती की बात को स्वीकार किया।
गुरुवार रात को पहले वीडियो संदेश में विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि प्रशासन शिलान्यास कार्यक्रम से पहले दबाव बनाने और उन्हें रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आधी रात को अचानक पुलिस बल पहुंचा और इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी गई। विधायक ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह विद्यालय पहुंचकर शिलान्यास करेंगे।
गौरतलब है कि बुधवार को इसी विद्यालय में शिलान्यास को लेकर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ था। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इसके बाद से ही इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
खबरें और भी
वहीं, घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्क नजर आई। विद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। देर रात तक पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे। हालांकि प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। लेकिन सुबह 10 बजे जब सपा विधायक घर से बाहर नहीं निकले, तो कार्यकर्ता घर के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। विधायक के घर के आस-पास भारी पुलिस बल की तैनाती है।
मामले में डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने सपा विधायक की नजरबंदी से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि विधायक को नजरबंद नहीं किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। डीसीपी ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और उसी के तहत सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
वहीं, विधायक ने मीडिया के सामने डमरू बजाकर एलान किया है कि जब तक स्कूल नहीं बन जाएगा तब तक कुर्ता और चप्पल नहीं पहनेंगे।