कानपुर होजरी कारोबारी हत्याकांड: ‘थोड़ी देर में लौटता हूं....’ कहकर निकला था विजय, फिर आई मौत सूचना
कानपुर के फीलखाना क्षेत्र में होजरी कारोबारी विजय चौरसिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने परिचित विशाल गुप्ता पर हत्या का आरोप लगाया ...और पढ़ें

विजय चौरसिया की मौत की सूचना के बाद रोते परिवार के लोग। जागरण
HighLights
कानपुर में होजरी कारोबारी विजय चौरसिया की संदिग्ध मौत।
परिजनों ने परिचित विशाल गुप्ता पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने चार टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर के फीलखाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक होजरी कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कारोबारी विजय चौरसिया की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने विजय के परिचित विशाल गुप्ता पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना के बाद शिवाला, सिरकी मोहाल और आसपास के बाजारों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना रहा।
फीलखाना थाना क्षेत्र के सिरकी मोहाल निवासी 42 वर्षीय विजय चौरसिया की शिवाला खास बाजार में होजरी की दुकान थी। भाई अजय चौरसिया पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे विजय के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाला उसका परिचित विशाल गुप्ता था, जिसने किसी मकान को दिखाने के बहाने विजय को बुलाया। विजय ने घरवालों से कहा था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी विदाई साबित होगी।
कहासुनी की बात आई सामने
परिजनों के अनुसार रात करीब आठ बजे उनके परिचित अन्नू ने सूचना दी कि विजय सवाई सिंह हाते स्थित एक मकान में गंभीर हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घबराए हुए मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद एक महिला ने बताया कि विजय फर्स्ट फ्लोर के पास जमीन पर पड़ा था और उसके साथ आया विशाल गुप्ता वहां से भाग गया। महिला ने दोनों के बीच कहासुनी होने की बात भी कही।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजन आनन-फानन में विजय को उर्सला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में पत्नी नेहा बेसुध होकर रोती रहीं, जबकि मां मीरा अपने बेटे का नाम लेकर बिलखती नजर आईं। विजय के दो मासूम बच्चे वैभव और अनवी अपने पिता को निढाल हालत में देख कुछ समझ ही नहीं पा रहे थे। परिवार और रिश्तेदारों की आंखें नम थीं।
खबरें और भी
हत्या कर फरार होने का आरोप
मृतक के भाई अजय चौरसिया ने आरोप लगाया कि रेस्त्रां संचालक विशाल गुप्ता ने साजिश के तहत विजय को बुलाया और उसकी हत्या कर फरार हो गया।। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
स्कूटी सवार दिखे हत्यारोपित
एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। एक टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, दूसरी सर्विलांस पर काम कर रही है, जबकि दो टीमें आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं। पुलिस को कैमरों में स्कूटी सवार दो संदिग्ध भी दिखाई दिए हैं। वहीं क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक विशाल गुप्ता वर्ष 2017 से पत्नी से अलग रह रहा था और उसका चरित्र भी विवादित माना जाता था। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।