Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में खूनी दबंगई: 19 से 24 साल के 4 लड़कों ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, पिता-पुत्र के शव घर पहुंचते ही मची चीख-पुकार

    Updated: Tue, 26 May 2026 12:23 AM (IST)

    कानपुर के विराट नगर में बाइक टकराने के विवाद में पिता-पुत्र की हत्या के बाद चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ...और पढ़ें

    शिव नारायण त्रिवेदी व शिवम की फाइल फोटो। पिता-पुत्र के शव सजारी स्थित कांशीराम कालोनी पहुंचे तो उन्हें देख बदहवास हो गई सुधा। पब्लिक

    शिव नारायण त्रिवेदी व शिवम की फाइल फोटो। पिता-पुत्र के शव सजारी स्थित कांशीराम कालोनी पहुंचे तो उन्हें देख बदहवास हो गई सुधा। पब्लिक

    HighLights

    1. बाइक विवाद में पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या

    2. आरोपी समीर ने हत्यारों को तमंचा-कारतूस दिए

    3. शहर छोड़ने की कोशिश में तीन आरोपी गिरफ्तार

    जागरण टीम, कानपुर। दोस्ती और दबंगई के नशे में चारों आरोपितों ने बड़ी वारदात कर डाली। बाइक टकराने के विवाद में पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। चारों आरोपितों की उम्र 19 से 24 वर्ष के बीच है। कोई लोडर चालक है, कोई ई-रिक्शा चलाता है तो कोई डिलीवरी ब्वाय का काम करता है। इधर, पिता-पुत्र के शव घर पहुंचे तो चीख पुकार मच गई।

    पिता-भाई की मौत से घायल सत्यम गहरे सदमे में है। वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था, जबकि मां सुधा त्रिवेदी हंसता-खेलता परिवार पल भर में उजड़ने की बात कहती रहीं। सत्यम की हालत देख सनिगवां के कांशीराम कालोनी में रहने वाले रिश्तेदार रमाशंकर पांडेय ने तहरीर लिखी, जिस पर कांपते हाथों से सत्यम ने हस्ताक्षर किए। सत्यम ने बताया कि उसने सिर्फ ठीक से बाइक चलाने की बात कही थी लेकिन आरोपित उन पर हमलावर हो गए। उम्मीद ही नहीं थी कि वे इस हद तक उतर आएंगे।

    कांशीराम कालोनी फेस-वन में शवों के अंतिम दर्शन के दौरान परिवार वालों की चीखपुकार से हर आंख नम हो गई। पत्नी सुधा पति शिवनारायण और बेटे शिवम के शव से लिपटकर रोती रहीं और आरोपितों को फांसी देने की मांग करती रहीं।

    पत्नी बेसुध हो गईं

    पोस्टमार्टम के बाद दोपहर 2:30 बजे एंबुलेंस से दोनों शव सनिगवां सजारी स्थित कांशीराम कालोनी लाए गए। शव एंबुलेंस से बाहर निकाले गए तो माहौल गमगीन हो उठा। स्वजन बदहवास होकर रो पड़े। पत्नी सुधा बेसुध हो गईं। रिश्तेदारों और महिलाओं ने उन्हें संभाला।

    खबरें और भी

    15 मिनट तक अंतिम दर्शन, इसके बाद पैतृक गांव ले गए

    कालोनी में रहने वालों के मुताबिक शिवनारायण का परिवार बेहद मिलनसार और शांत स्वभाव का था। करीब 15 मिनट तक अंतिम दर्शन कराने के बाद परिवार वाले शवों को पैतृक गांव महाराजपुर के डोमनपुर अलावलखेड़ा ले गए। गांव में शव पहुंचते ही वहां भी कोहराम मच गया। ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। डोमनपुर घाट पर शिवनारायण को उनके भाई महेश ने, जबकि शिवम को उनके चचेरे भाई उपेंद्र ने मुखाग्नि दी। किसी भी प्रकार के हंगामे की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

    father son murde

    पिता-पुत्र की हत्या में गिरफ्तार आरोपित उत्सव अवस्थी, समीर गौतम और शिवा वर्मा। पुलिस

    मुख्य आरोपित नशे का आदी, चलाता लोडर

    मुख्य आरोपित करन वर्मा नशे का आदी बताया जा रहा है, जो लोडर चलाता था। समीर ई-रिक्शा चालक है, जबकि उत्सव अवस्थी और शिवा वर्मा डिलीवरी ब्वाय का काम करते हैं। मुहल्ले के लोगों के मुताबिक काम खत्म होने के बाद चारों अक्सर एक साथ शराब पीते थे। इनकी बातचीत में गालीगलौज, दबंगई और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा आम होता गया। चारों में खुद को इलाके में दबंग दिखाने की होड़ रहती थी। यही वजह रही कि मामूली बाइक टकराने की घटना पर भी उन्होंने आपा खो दिया और एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

    शहर छोड़ने की फिराक में थे

    पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या करने के बाद करन वर्मा और उत्सव अवस्थी अपने साथी सिमरा गांव निवासी समीर के घर पहुंचे थे। जांच में सामने आया है कि समीर ने ही करन को तमंचा और कारतूस मुहैया कराया था। तीनों एक साथ शहर छोड़ने की फिराक में थे लेकिन पुलिस मुठभेड़ में हत्थे चढ़ गए।

    father son murde

    नौबस्ता में मुठभेड़ में गिरफ्तार मुख्य आरोपित करन वर्मा। पुलिस

    हंसपुरम इलाके में घेराबंदी के बाद गिरफ्तार

    एडीसीपी दक्षिण योगेश कुमार ने बताया कि रविवार रात वारदात के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार तड़के आवास विकास हंसपुरम इलाके में घेराबंदी के बाद आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में करन ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद समीर ने तमंचे का इंतजाम किया था। तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद की गई है। चारों आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

    सिगरेट के विवाद में की थी हत्या, गए थे जेल

    आरोपित करन वर्मा, शिवा और समीर पर नौबस्ता थाने में हत्या का एक और मुकदमा दर्ज है। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि अक्टूबर 2023 को सिमरा गांव की गायत्री गौतम ने करन और समीर व एक अन्य के खिलाफ सिगरेट के विवाद में भाई विवेक गौतम के सिर पर लोहे की राड मारकर हत्या करने का मुकदमा कराया था। करन और समीर की गिरफ्तारी के बाद शिवा वर्मा का नाम प्रकाश में आया था।

    नाबालिग होने पर बाल सुधार गृह भेजा गया

    समीर के नाबालिग होने पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था, जबकि करन और शिवा जेल गए थे। समीर कुछ महीने बाद बाल सुधार गृह से बाहर आ गया था। वहीं शिवा और करन वर्ष 2025 में जमानत पर छूट करके आए थे।

    father son murde

    हेलमेट और चाकू से वार करते आरोपित। वीडियो ग्रैब

    जब तक दम नहीं तोड़ दिया, करते रहे चाकू से ताबड़तोड़ वार

    बाइक टकराने के बाद पिता-पुत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या करने का मामला सोमवार को पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। आरोपितों में इतनी क्रूरता थी वह तब तक वार करते रहे, जब तक पिता-पुत्र ने दम नहीं तोड़ दिया।

    बाएं फेफड़े में चाकू से तीन से चार वार

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शिवम के बाएं फेफड़े में चाकू के तीन से चार वार, पीठ पर बाईं तरफ एक और बाएं घुटने पर एक घाव मिले हैं, जबकि उनके पिता के सीने पर बीचोबीच और पेट समेत शरीर पर चार से पांच घाव चाकू के मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार दोनों का फेफड़ा पंचर हो गया था और अत्यधिक खून बहने से उनकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम हाउस के डाक्टर भी इस वारदात से हतप्रभ थे।

    इंटरनेट मीडिया पर दिखा आक्रोश

    घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी आक्रोश देखने को मिला। यूजर्स ने जहां एक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए, वहीं युवाओं के आपराधिक सोच को लेकर भी चिंता जताई। विराट चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित शराब ठेके के बाहर खुलेआम पैग लड़ाने वालों पर पुलिस पर कृपा होने की बात कह रहे हैं तो वारदात के दौरान वीडियो बना रहे लोगों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। लिख रहे हैं कि वीडियो बनाने की जगह अगर एक साथ आरोपितों पर टूट पड़ते तो शायद पिता-पुत्रों की जान बच सकती थी।

    यह भी पढ़ें- कानपुर में रोड रेज का बड़ा मामला, यशोदा नगर बाईपास के पास डबल मर्डर, बाइक टकराने पर पिता-पुत्र को चाकूओं से गोदकर मार डाला

    यह भी पढ़ें- एक और परीक्षा निरस्त, कानपुर में SSC GD परीक्षा निरस्त होने पर बवाल: भड़के अभ्यर्थियों ने 5 घंटे हाईवे किया जाम, तोड़फोड़

    यह भी पढ़ें- मां के लिए ITBP जवान की लड़ाई रंग लाई; 36 घंटे में बदली CMO रिपोर्ट? पहले गोलमोल जांच फिर अस्पताल दोषी, जानें पूरा मामला

    यह भी पढ़ें- कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता मेट्रो रूट का फाइनल ट्रायल 29 मई को, CMRS टीम पहुंची, झकरकटी और बारादेवी स्टेशनों का हुआ निरीक्षण