कानपुर में 'डॉग केयरटेकर' किशोरी का कारनामा, कारोबारी के घर से 60 लाख की चोरी कर ब्वायफ्रेंड संग घूमने पहुंची माउंटआबू
कानपुर के स्वरूप नगर में एक कारोबारी के घर से 60 लाख की चोरी के मामले में नौकरानी, उसके प्रेमी और सर्राफ को गिरफ्तार किया गया है। चोरी के बाद प्रेमी ज ...और पढ़ें

स्वरूप नगर में कारोबारी के घर चोरी में गिरफ्तार यूनुस दाएं साथ में सर्राफ मो. महताब। जागरण
HighLights
कानपुर के स्वरूप नगर थानाक्षेत्र में रेस्टारेंट और दवा करोबारी के घर हुई थी वारदात
नौबस्ता आवास विकास कालोनी निवासी सर्राफ ने छह लाख का ब्रेसलेट 2.20 लाख में खरीदा
माउंट आबू में रहने वाले दोस्त को काल करने के दौरान फंसा, पुलिस को मिली लोकेशन
जागरण संवाददाता, कानपुर। स्वरूप नगर क्षेत्र में कारोबारी के घर से करीब 60 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने नौकरानी किशोरी, उसके ब्वायफ्रैंड और चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, सोने के बिस्कुट, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद किशोरी ब्वायफ्रैंड के साथ माउंटआबू घूमने चली गई। जहां ब्वायफ्रैंड के अपने एक दोस्त को काल करने के दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को घटना का राजफाश करते हुए बताया कि स्वरूप नगर निवासी कारोबारी विकास शुक्ला का रेस्टोरेंट, स्वीट हाउस और आयुर्वेदिक दवा का कारोबार है। उन्होंने अपने पालतू कुत्ते की देखभाल के लिए मंधना निवासी आशु गुप्ता की श्यामजी प्रीमियम होम हेल्थ कंपनी के माध्यम से नौबस्ता हंसपुरम निवासी एक किशोरी को 16 जून को 14 हजार रुपये मासिक वेतन पर किराए पर रखा था।
जांच में सामने आया कि किशोरी ने नौकरी मिलने के बाद पूरे घर की रेकी की और 17 जून को उसने साफ-सफाई का बहाना बनाकर घर के पिछले हिस्से का गेट खुला छोड़ दिया। कारोबारी के काम पर निकलने के बाद उसने सुनियोजित तरीके से घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद किशोरी ने नौबस्ता के आवास विकास हंसपुरम निवासी अपने ब्वायफ्रैंड मो. यूनुस के साथ फरार हो गई।
अगले दिन किशोरी के काम पर न पहुंचने पर विकास शुक्ला को शक हुआ। अलमारी की जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने स्वरूप नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सीसी फुटेज और मोबाइल नंबरों की मदद से जांच शुरू की। जिसमें पता चला कि किशोरी और मो. यूनुस पिछले एक साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और बीते एक माह से काकादेव क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
चोरी के बाद दोनों ने किराए पर कार टैक्सी ली और इसके बाद लखनऊ, दिल्ली, अजमेर शरीफ और माउंट आबू घूमने निकल गए थे। चोरी के रुपयों ने यूनुस ने किशोरी के साथ मौजमस्ती करते हुए लाखों रुपये पानी में बहाए। डीसीपी ने बताया कि माउंट आबू में रहने के दौरान यूनुस ने अपने एक दोस्त को फोन किया, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में युनूस ने बताया कि उसने चोरी का एक सोने का ब्रेसलेट अपने परिचित नौबस्ता आवास विकास कालोनी निवासी सर्राफ मो. महताब को 2.20 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपित ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने का कड़ा, सोने के बिस्कुट, हार, कान के टाप्स, टूटा हुआ सोने का कड़ा, 24 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। हालांकि आरोपितों के पास से पुलिस को अभी तक एक हीरे की अंगूठी नहीं मिली है। तीनों आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।

