कानपुर में नशे में धुत सिपाही ने दुकानदार से मांगे पांच हजार, वीडियो वायरल होने पर निलंबित
कानपुर के चकेरी थाने में तैनात एक सिपाही ने नशे में धुत होकर दुकानदार से 5000 रुपये की वसूली का प्रयास किया और उसे धमकाया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। ...और पढ़ें

HighLights
चकेरी थाने में तैनात है आरोपित सिपाही, दुकानदार से बोला- दो टके के आदमी, मरवा दूंगा एक मिनट के अंदर
प्रचलित वीडियो के बाद हुई कार्रवाई, थाने के बाहर लगभग 20 मिनट तक हुआ हंगामा, पुलिसकर्मी ले गए थाने
जागरण संवाददाता, कानपुर। चकेरी थाने में तैनात सिपाही (दीवान) का नशे में एक दुकानदार से पांच हजार रुपये वसूली करते और हाथापाई कर धमकाते हुए शनिवार को दो वीडियो प्रचलित हुए। वीडियो में सिपाही कह रहा है कि दो टके का आदमी पांच हजार देगा। एक मिनट के अंदर मरवा देंगे। प्रचलित वीडियो में दुकानदार भी कह रहा है कि अभी हमारे चक्कर में फंसे नहीं हो। इस दौरान 20 मिनट तक थाने के बाहर हंगामा होता रहा। वीडियो को संज्ञान में लेकर डीसीपी पूर्वी ने पहले सिपाही को लाइन हाजिर किया और जांच एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह को दी। उनकी जांच में सिपाही दोषी मिलने पर डीसीपी ने उसे निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी।
चकेरी थाने के बाहर ही पान की एक दुकान है। शनिवार को दुकानदार ने एक बजकर 42 सेकेंड का वीडियो प्रचलित किया, जिसमें वह चकेरी थाने में तैनात दीवान विजय कुमार की वीडियो दिखा रहे हैं। इसमें वह सिपाही पर हाथापाई कर धमकी देते हुए पांच हजार आन लाइन वसूली करने का आरोप लगा रहे हैं। दुकानदार का चेहरा वीडियो में नहीं नजर आ रहा है, पर वह बता रहे हैं कि यह दीवान विजय थाना प्रभारी के हमराही हैं, जो शनिवार सुबह से नशे की हालत में घूम रहे हैं। फिर दुकान खोलते समय उनकी दुकान पर आकर पांच हजार रुपये आनलाइन मांग रहे हैं।
विरोध पर हाथापाई कर रहे हैं। गल्ले में हाथ लगा रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। उन्हें दुकान नहीं खोलने दे रहे हैं। इस वीडियो में दुकानदार यह भी कह रहे हैं कि अभी हमारे चक्कर में फंसे नहीं हो। इस वीडियो के साथ थाने के अंदर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नशे में धुत दीवान दुकानदार को दो टके का बताते हुए कह रहा कि वो पांच हजार रुपये हमें देगा। एक मिनट में मरवाने की धमकी भी दी।
थाना पुलिस उसे शांत कराकर अंदर ले जाती है। मामले में दुकानदार से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद था।
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि प्रकरण का वीडियो मिलने पर सिपाही को लाइन हाजिर किया गया था। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने जांच एसीपी चकेरी को दी थी। उनकी रिपोर्ट के बाद उसे निलंबित कर दिया गया। साथ ही विभागीय जांच के भी निर्देश दिए हैं।