विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AIIMS जैसी सुविधा अब कानपुर में, नवंबर से शुरू होगा IIT Kanpur का यदुपति सिंहानिया सुपरस्पेशलिटी अस्पताल

Published: Tue, 14 Jul 2026 05:31 AM (GMT+05:30)

कानपुर में आईआईटी परिसर में यदुपति सिंहानिया सुपरस्पेशलिटी अस्पताल नवंबर से शुरू होगा, जो एम्स जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर समेत आसपास के कई जिलों के लाखों लोगों को नवंबर से अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं की एक और सुविधा मिलने जा रही है। आइआइटी परिसर में बन रहे यदुपति सिंहानिया सुपरस्पेशलिटी अस्पताल की सेवाएं नवंबर माह से शुरू करने का एलान सोमवार को आइआइटी निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने किया है। एम्स जैसी चिकित्सा सुविधाओं वाले इस अस्पताल में गंभीर और जटिल बीमारियों का उपचार मिलेगा। ट्रामा केयर और आधुनिक चिकित्सा के साथ ही यह अस्पताल चिकित्सा अनुसंधान को भी समर्पित होगा।

आइआइटी के गंगवाल स्कूल आफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलाजी के तहत इस अस्पताल का संचालन किया जाना है। प्रथम चरण में 500 बेड का अस्पताल तैयार किया गया है, जहां उपचार के साथ ही चिकित्सा अनुसंधान भी किए जाएंगे। दूसरे चरण में परास्नातक (पीजी) और पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य इंजीनियरिंग और चिकित्सा विज्ञान को नजदीक लाना है जिससे चिकित्सा क्षेत्र के लिए उपयोगी उपकरणों का अनुसंधान व विकास किया जा सके।


करीब 30 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस मेडिकल स्कूल की स्थापना आइआइटी के पूर्व छात्रों के सहयोग से की गई है। संस्थान के पूर्व छात्र राकेश गंगवाल ने स्कूल की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रारंभिक योगदान किया है। वहीं, पूर्व छात्र यदुपति सिंहानिया के परिवार ने अस्पताल के लिए आर्थिक सहयोग दिया, जिसके चलते अस्पताल का नाम उनके नाम पर रखा गया है।


अस्पताल में कार्डियोलाजी, कार्डियोवैस्कुलर थोरैसिक सर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलाजी, नेफ्रोलाजी, यूरोलाजी, न्यूरोलाजी, न्यूरोसर्जरी, ट्रामा एवं इमरजेंसी केयर और पीडियाट्रिक केयर जैसी सुपरस्पेशलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर मामलों के लिए अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर भी स्थापित किया गया है। गंगवाल स्कूल में देश के प्रमुख चिकित्सकों के साथ अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन समेत कई देशों के विशेषज्ञ विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में जुड़े हैं। इससे मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार मिलने के साथ मेडिकल रिसर्च और हेल्थ टेक्नोलाजी में भी नए नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा। 

क्या-क्या मिलेगी सुविधा 

क्रमांक उपलब्ध सुविधा
1 कार्डियोलॉजी
2 कार्डियोवैस्कुलर थोरैसिक सर्जरी
3 गैस्ट्रोएंटरोलॉजी
4 नेफ्रोलॉजी
5 यूरोलॉजी
6 न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसर्जरी
7 इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर सेंटर
8 सेंटर फॉर पीडियाट्रिक केयर

 

गंगवाल स्कूल आफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलाजी के तहत बन रहा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल लगभग तैयार है। नवंबर में इसे शुरू करने की तैयारी है। इससे कानपुर ही नहीं, आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
— प्रो. मणींद्र अग्रवाल, निदेशक, आईआईटी, कानपुर

 

 

यह भी पढ़ें- UP के लिए खास है Lucknow-Kanpur Expressway, 2 नेशनल हाईवे, 1 एक्सप्रेसवे और रिंग रोड से कनेक्ट, जानिए इसके सभी बड़े फायदे