यूपी में अव्यवस्था को कोसतीं दो तस्वीरें...जालौन में कच्ची सड़क ने ली किसान की जान, औरैया में जुगाड़ वाहन पर लाए घायल
उत्तर प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल बुनियादी सुविधाओं की दो तस्वीरें सामने आईं; जालौन में कच्ची सड़क के कारण किसान की जान गई, वहीं औरैया में घ ...और पढ़ें

जुगाड़ मालवाहक से घायल बेटे को सीएचसी अछल्दा ले जाते अनिल व ग्राम कुइया झोर के कच्चे रास्ते से चारपाई पर लिटाकर सरमन दास को ले जाते स्वजन। स्रोत ग्रामीण
HighLights
जालौन में कच्ची सड़क के कारण बीमार किसान की जान गई
औरैया में एंबुलेंस देरी से आने पर घायल को जुगाड़ वाहन से ले गए
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की गंभीर कमी उजागर हुई
जागरण टीम, कानपुर। उत्तर प्रदेश से सामने आई दो घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े किए हैं। जालौन में कच्ची सड़क पर किसान की मौत हो गई, जबकि औरैया में घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए जुगाड़ वाहन का सहारा लेना पड़ा। दोनों तस्वीरें आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को उजागर करती हैं।
डेढ़ किमी की कच्ची सड़क से चारपाई पर ले गए बीमार किसान को
जालौन में मुख्यालय से 40 किमी दूर ग्राम पंचायत परासन के मजरा कुइया झोर में डेढ़ किमी की कच्ची सड़क ने 58 वर्षीय बीमार किसान सरमन दास की जान ले ली। कारण, उन्हें पक्की सड़क तक लाने के लिए स्वजन ने चारपाई का सहारा लिया, इससे अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। यहां की आबादी करीब 22 हजार है। दैनिक जागरण ने 27 जुलाई के अंक में इसे लेकर खबर भी प्रकाशित की थी।
बिच्छू ने मारा था डंक
दिवंगत के पुत्र रामकिशोर ने बताया कि पिता को बिच्छू ने डंक मार दिया था, तब जिला अस्पताल में इलाज कराने से आराम मिला था। मंगलवार को फिर तबीयत बिगड़ गई थी। पीडब्ल्यूडी खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह व निवर्तमान ग्राम प्रधान रीता देवी ने बताया कि कच्चा मार्ग विवादित है। इसमें 800 मीटर किसानों की जमीन है, इसलिए सड़क बनने में दिक्कत है। इसे इस वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
एंबुलेंस न आने पर मारपीट में बेसुध को ले गए थे जुगाड़ वाहन से
उधर, औरैया में मारपीट के बाद बेसुध हुए गणेश का अड्डा निवासी विकास को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस बुलाई गई पर आने में देरी होने पर स्वजन उसे जुगाड़ मालवाहक (बाइक से लगी ट्राली) पर लिटाकर लगभग एक किमी दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा ले गए। घटना मंगलवार रात की है। एंबुलेंस के समय पर नहीं आने के संबंध में सीएमओ डा. सुरेंद्र कुमार सिंह से बात करने का प्रयास किया गया पर उन्होंने काल रिसीव नहीं की। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।