PM Modi की अपील के बाद UP के सराफा कारोबारियों का बड़ा फैसला, अब सीधे ग्राहकों को नहीं बेचेंगे खरा सोना; जानें नया नियम
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद उत्तर प्रदेश के सराफा कारोबारियों ने ग्राहकों को सीधे शुद्ध सोना और चांदी के बिस्कुट/सिल्ली बेचना बंद कर दिया है। इस ...और पढ़ें
-1778839673911_m.webp)
HighLights
ग्राहकों को शुद्ध सोना-चांदी बिस्कुट/सिल्ली सीधे नहीं बेची जाएगी
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के समर्थन में सराफा बाजार का निर्णय
कस्टम ड्यूटी बढ़ने से सोने-चांदी के दाम अप्रत्याशित रूप से बढ़े
जागरण संवाददाता, कानपुर। सराफा बाजार में अब ग्राहकों को चांदी और सोने के जेवर ही बेचे जाएंगे। उन्हें शुद्ध सोना और चांदी के बिस्कुट और सिल्ली नहीं दी जाएगी। प्रधानमंत्री की अपील के समर्थन में सराफा बाजार ने यह निर्णय किया है।
दूसरी ओर कस्टम ड्यूटी बढ़ने के बाद बाजार में सोने व चांदी के भाव अप्रत्याशित तरीके से बढ़ गए हैं। इसका असर बाजार के कारोबार पर पड़ा है, जहां ग्राहकों के अभाव में शोरूम सूने पड़े हैं। बाजार में जो ग्राहक पहुंच रहे हैं वह भी विवाह आयोजनों के लिए पुराने जेवर देकर नया खरीद रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोना-चांदी आयात घटाने की अपील पर प्रदेश के सराफा कारोबारियों ने बड़ा और सकारात्मक कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के अनुसार अब बुलियन यानी शुद्ध सोने-चांदी के कारोबार को कारोबारियों तक सीमित कर दिया है। ग्राहकों को केवल सोने और चांदी के जेवरात ही बेचे जाएंगे। इससे सोने और चांदी में निवेश घट जाएगा।
बिरहाना रोड, नयागंज और चौक सराफा समेत शहर के प्रमुख ज्वैलरी बाजारों में गुरुवार को ग्राहकों की आवाजाही नहीं दिखी। ज्वैलरी के शोरूम भी लगभग खाली दिखे। इसकी वजह प्रधानमंत्री की एक साल तक गैर जरूरी सोना-चांदी नहीं खरीदने की सलाह और चांदी व सोने के दाम में आई अप्रत्याशित तेजी को माना जा रहा है। चांदी के दाम में पिछले चार दिन के दौरान 35 हजार रुपये प्रतिकिलो से ज्यादा की तेजी आई है।
खबरें और भी
शनिवार को शहर में चांदी का भाव 2,63,000 रुपया प्रतिकिलो था जो अब 2,95,000 हजार पर है। इसी तरह सोना भी 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा महंगा हो गया है। नौ मई को 1,54,800 रुपये के भाव का शुद्ध सोना गुरुवार को 1,65,000 प्रति 10 ग्राम पर बिका है। सोने-चांदी के दाम बढ़ने से शादियों की तैयारी में जुटे परिवारों ने खरीद का तरीका बदल दिया है। बेटी और बहू के लिए जेवर तैयार कराने के लिए लोग घर में रखे पुराने जेवर लेकर बाजार में पहुंच रहे हैं। नयागंज और बिरहाना रोड के सराफा कारोबारियों ने बताया कि लगभग 30 प्रतिशत जेवर अब पुराने जेवरों के बदले खरीदे जा रहे हैं।
चांदी बेचने के लिए बाजार में निवेशक भी पहुंच रहे
चांदी के भाव एक बार फिर तीन लाख रुपये प्रतिकिलो के पास पहुंच गए हैं। इस अप्रत्याशित तेजी का फायदा उठाने के लिए वह लोग भी बाजार में बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं, जिन्होंने पिछले दो से तीन महीने के दौरान घटे रेट पर चांदी खरीदी है। ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के दौरान चांदी 2,15,000 हजार रुपये के भाव तक जा चुकी है। ऐसे लोग अब मुनाफा कमाने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।
कारीगरों और कर्मचारियों का साथ देगा बाजार
सोने-चांदी की बिक्री घटने और कारोबार पर नियंत्रण की स्थितियों के बावजूद शहर का सराफा बाजार अपने कारीगरों और कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ा दिख रहा है। उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के अनुसार बाजार पर अभी इसका बड़ा असर नहीं है। इस सहालग का कारोबार लगभग पूरा हो चुका है। अगली सहालग एक महीने बाद शुरू होगी। कारोबार घटने की आशंका के बावजूद सराफा कारोबारी अपने कारीगरों और कर्मचारियों के साथ हैं। सभी को काम देने की कोशिश की जा रही है।
प्रदेश भर के कारोबारियों ने की बैठक, बोले- सरकार की अपील का देंगे साथ
प्रदेश के सराफा कारोबारी भी मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील पर उनके साथ हैं। गुरुवार को राज्य कर विभाग में हुई बैठक में इन कारोबारियों ने सरकार को भरोसा दिलाया कि वे 24 कैरेट खरा सोना (बुलियन) और सोने की ईंटें (बार) की बिक्री सीधे ग्राहकों को नहीं करेंगे, शर्त रखी कि सरकार कारपोरेट सेक्टर के ज्वैलर्स को भी इसके लिए राजी करे।
उन्होंने कहा कि घरों में पड़ी पुरानी ज्वैलरी को रीसायकल कर नई ज्वैलरी बनवाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। गोमती नगर स्थित राज्य कर प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख सचिव राज्य कर कामिनी रतन चौहान ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बुलियन व बार की खरीद को कुछ समय के लिए टालने की अपील की।
इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन उत्तर भारत के प्रभारी अनुराग रस्तोगी, उप्र सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद्र जैन, राज्य कर आयुक्त डा. नितिन बंसल, अपर आयुक्त धनंजय शुक्ला, मुकेश कुमार पांडेय और भूपेंद्र शुक्ला मौजूद रहे।