'रानू' नाम पुकारा और खुल गया 'मुमताज' की हत्या का राज... 400 CCTV कैमरों ने किया बेनकाब
घाटमपुर में मुमताज हत्याकांड का राज आरोपी आशीष द्वारा 'रानू' नाम पुकारे जाने से खुला। पुलिस ने 400 सीसीटीवी कैमरों की मदद से मुठभेड़ में आशीष को पकड़ा ...और पढ़ें

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपित आशीष। वीडियो ग्रैब
HighLights
साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में लूटपाट और युवक मुमताज की हत्या की थी
लूटपाट और हत्या का आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दोनों पैरों में गोली लगी
मुख्य आरोपित व दिवंगत का चचेरा भाई शोयल खान उर्फ रानू अभी फरार
उदयन शुक्ल, घाटमपुर(कानपुर)। मुमताज हत्याकांड का राज एक नाम ने बेनकाब कर दिया। शाहजहां ने जब इस नाम को सुना तो पुरानी खुन्नस, लूट और मुमताज की हत्या का राज खुलता चला गया। 400 सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपित के दोनों पैरों में गोली मारकर पकड़ा। घाटमपुर में मुमताज की हत्या और लूट वारदात के दौरान साथी आशीष के अचानक 'रानू' नाम पुकारे जाने की एक भूल ने इस अंधे कत्ल का राजफाश कर दिया था।
साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में बीते शुक्रवार की रात लूटपाट के दौरान घर में घुसकर युवक की हत्या और उसकी पत्नी को अधमरा करने के मामले में बिधनू थाने के चौकीदार के आरोपित पुत्र को पुलिस ने सोमवार भोरपहर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। उसके पास से एक तमंचा (315 बोर), एक मिस हुआ कारतूस व एक खोखा व लूटी गई बाइक मिली है, जिसकी नंबर प्लेट तोड़ दी गई थी। मुख्य आरोपित व दिवंगत का चचेरा भाई अभी फरार है। उसकी तलाश में तीन टीमें लगी हैं।
-1786377475352.webp)
मुमताज की फाइल फोटो और घर के बाहर मौजूद पुलिस टीम।
25 हजार का इनाम
राजफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है। आरोपितों ने बाजार से चाकू, ग्लब्स और मास्क खरीदने के बाद शराब के नशे में धुत होकर रात करीब 12 बजे पैदल ही दिवंगत के घर जाकर धावा बोला था और यूकेलिप्टस के डंडे से पीट-पीटकर घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान पकड़े गए आरोपित के दूसरे का नाम लेने से घटना का सच सामने आ गया।
मार डाला था मुमताज को
40 वर्षीय मुमताज गांव से करीब एक किमी दूर घर बनाकर पत्नी शाहजहां और चार माह की बेटी मंतशा के साथ रहते थे। बीते शुक्रवार की रात दो बदमाशों ने लूट के इरादे से घर पर धावा बोलकर कुल्हाड़ी व डंडे से उनकी हत्या कर दी थी। पत्नी शाहजहां को घायल कर दिया था। राजफाश के लिए पुलिस की सात टीमें लगी थीं। सोमवार भोरपहर करीब साढ़े चार बजे साढ़ पुलिस ने दरगाही लाल नहर पुल के पास आरोपित बिधनू थानाक्षेत्र के दलेलपुर गांव निवासी आशीष उर्फ काशी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
खबरें और भी
भागने की कोशिश में था आशीष
पुलिस के मुताबिक आरोपित ने भागने की कोशिश की लेकिन बाइक समेत गिर पड़ा। उसने पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पिता ओमप्रकाश बिधनू थाने में चौकीदार हैं। मुख्य आरोपित मुमताज का पारिवारिक भाई देवसढ़ निवासी शोयल खान उर्फ रानू अभी फरार है।
लूट के लिए मछरिया से खरीदे चाकू, दस्ताने व मास्क
सोमवार शाम डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि देवसढ़ निवासी शोयल उर्फ रानू, दलेलपुर निवासी आशीष और हमीरपुर निवासी धर्मेंद्र तीनों दोस्त हैं और होटलों में काम करते थे। घटना के एक दिन पहले धर्मेंद्र के बेटे का जन्मदिन था। इस पर तीनों रमईपुर में मिले थे। यहां से शराब पीकर तीनों बेटे के कपड़े खरीदने कानपुर गए। लौटकर रमईपुर में फिर शराब पी। इसके बाद धर्मेंद्र चला गया, जबकि रानू और आशीष नौबस्ता मछरिया गए। यहां उन्होंने चाकू, ग्लब्स और मास्क खरीदा। फिर शराब पी। तीनों रात करीब 12 बजे पैदल मुमताज के घर पहुंचे। घर के बाहर यूकेलिप्टस के डंडे पड़े थे। उसी डंडे से उन्होंने कैमरे का एंगल मोड़ा और चहारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए।
आशीष ने 'रानू' को नाम से बुलाया, यहीं से राजफाश हुआ
दोनों जब अंदर घुसे तो मुमताज अपनी पत्नी शाहजहां और चार वर्षीय बेटी संग मच्छरदानी में सोया था। रानू ने उसके गले पर चाकू लगा दिया और आशीष ने शाहजहां का मुंह दबा दिया। रानू ने विरोध किया तो डंडे से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद रानू घर की तलाशी लेने लगा। उसे एक जोड़ी पायल और एक मंगलसूत्र मिला। इसी बीच मुमताज को होश आया तो आशीष बोल पड़ा-'रानू इसको तो होश आ गया।' यह बात शाहजहां ने सुन ली।
शाहजहां से ली थी गेट व बाइक की चाबी
दोनों ने मुमताज के सिर पर और वार किए। शाहजहां बचाने आई तो उसके सिर पर भी वार किया। इसके बाद शाहजहां से गेट और बाइक की चाबी ली। डीवीआर निकाला, मोबाइल फोन तोड़े और दरवाजा खोलकर बाइक लेकर भाग निकले। उधर शाहजहां ने पास के ट्यूबवेल पहुंचकर सूचना दी। दोनों को बिधनू सीएचसी पहुंचाया गया। जहां मुमताज को मृत घोषित कर दिया गया।
रिंद नदी में फेंका सामान
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने रिंद नदी में दस्ताने, मास्क, चाकू व डीवीआर फेंक दिया। दोनों अपने पास एक-एक जोड़ी कपड़े लिए थे। वे बाइक से हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर गए। यहां पर रानू की बहन रहती है। हमीरपुर जाने के दौरान अलियापुर टोल प्लाजा पर सीसीटीवी में कैद होने के डर से उन्होंने संपर्क मार्गों का सहारा लिया।
रानू की आखिरी लोकेशन मानिकपुर मिली
भरुआ सुमेरपुर में रानू ने बाइक आशीष को दे दी और ट्रेन पकड़कर रवाना हो गया। उसकी आखिरी लोकेशन मानिकपुर मिली है। वहीं, आशीष बाइक लेकर घर आया। यहां से उसने मां के जेवर व छह हजार रुपये उठाए। इसके बाद वह भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस से मुठभेड़ में पकड़ा गया।
400 सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना के बाद से रानू गायब था। उसकी मां ने उसके पंजाब में होने की जानकारी दी, लेकिन जब ग्रामीणों ने बताया कि वह एक दिन पहले गांव में देखा गया है तो पुलिस को शक हो गया। इसके बाद शाहजहां ने लूट में उसके शामिल होने की पुष्टि की। तलाश में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम, फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वाड की टीमें भी लगी थीं। डीसीपी साउथ ने बताया कि कुल 400 सीसी कैमरों की फुटेज देखी गई। घटना वाले दिन ही रानू, आशीष और धर्मेंद्र रमईपुर में सीसी कैमरे में दिखे। इसके बाद पुलिस पहले धर्मेंद्र और फिर आशीष तक पहुंची।
दोनों आरोपित बिगड़ैल, रानू लूट के साथ ही पुरानी खुन्नस निकालना चाहता
डीसीपी ने बताया कि रानू और मुमताज के बीच पूर्व में कई बार विवाद हो चुका था। आशीष ने बताया कि रानू का कहना था कि मुमताज के परिवार ने उसकी मां से पूर्व में मारपीट की थी। वहीं, कुछ दिनों पहले रानू ने मुमताज से बाइक मांगी थी, जिस पर उसने मना कर दिया था। इससे भी वह खुन्नस में था। रानू को लगता था कि मुमताज सऊदी अरब में रहकर आया है तो उसके पास सोना व चांदी होगा। वह लूट के साथ ही पुरानी खुन्नस निकालना चाहता था। काफी जेवर मिलने की बात कहकर उसने आशीष को राजी किया। आशीष भी बिगड़ैल है। उसने एक माह पहले ही अपने पिता के साथ मारपीट की थी। तब पुलिस ने उसे समझाया था।
-1786377505711.webp)
हमले के बाद मासूम को गोद में लिए शाहजहां। वीडियो ग्रैब
शाहजहां बोलीं- रानू का पूरा एनकाउंटर हो
अभी पीड़ित परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपित शोयल उर्फ रानू को भी जल्द पकड़ा जाए। हमले में घायल मुमताज की पत्नी शाहजहां ने कहा कि अगर आशीष को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया है तो रानू का पूरा एनकाउंटर हो। शाहजहां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कहती रही कि उसके पति की कब्र के पास आरोपित की भी कब्र बने, तभी उसको सुकून मिलेगा। सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को संभव मदद दिलाने का आश्वारन दिया।