Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ रणनीति बनाने वाले पूर्व डीजीपी एमएन सभरवाल का निधन, कानपुर के भैरोघाट में हुआ अंतिम संस्कार

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 11:45 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व डीजीपी महेंद्रनाथ सभरवाल का कानपुर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्होंने कश्मीर में आतंकवाद के चरम दौर में महत्वपूर्ण भू ...और पढ़ें

    पूर्व डीजीपी महेंद्रनाथ सभरवाल की फाइल फोटो। स्वजन

    पूर्व डीजीपी महेंद्रनाथ सभरवाल की फाइल फोटो। स्वजन

    HighLights

    1. पूर्व डीजीपी महेंद्रनाथ सभरवाल का कानपुर में निधन।

    2. कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में निभाई अहम भूमिका।

    3. सीआरपीएफ डीजी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। आर्य नगर पर्णकुटी में रहने वाले 1964 बैच के जम्मू-कश्मीर कैडर के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी और जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व डीजीपी महेंद्रनाथ सभरवाल का शनिवार देर शाम हार्ट अटैक से निधन हो गया। सादगी और सहज व्यवहार के लिए चर्चित सभरवाल पुलिस महकमे के साथ आम लोगों के बीच भी लोकप्रिय थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी और सीआरपीएफ के डीजी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।

    वर्ष 1990 से 1998 के बीच कश्मीर में उग्रवाद के चरम दौर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के बीच बेहतर आपरेशनल समन्वय स्थापित करने में उनकी अहम भूमिका रही। उनके प्रयासों से ऐसा ढांचा तैयार हुआ, जिसने आगे चलकर स्पेशल आपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) जैसी विशेष तकनीकि इकाइयों के गठन का रास्ता तैयार किया। उनके परिवार में बेटे मनीष और बहू कविता हैं।

    पत्नी बीना का तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। मनीष प्रधानमंत्री स्किल कमेटी के सदस्य और लीज सर्विसेज लिमिटेड और एनएलके ग्रुप के मालिक हैं। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को भैरोघाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार से पूर्व सीआरपीएफ लखनऊ ग्रुप सेंटर की टीम ने गार्ड आफ आनर दिया। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव समेत स्वजन और रिश्तेदारों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

    इन पदों पर रहे तैनात

    • जम्मू ज़िले के एसएसपी (1968-1973)
    • वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में पहले सचिव (प्रशासन और चांसरी के प्रमुख) (1974-1977)
    • श्रीनगर और अनंतनाग ज़िलों के एसएसपी (1977-1979)
    • डीआइजी कश्मीर (1979-1983)
    • राज्य पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त आइजी (प्रशासन और अपराध) (1984-1986)
    • जम्मू-कश्मीर में राज्य इंटेलिजेंस और सुरक्षा के प्रभारी आइजी (1986-1989)
    • विजिलेंस कमिश्नर, जम्मू-कश्मीर सरकार (कानूनी पद) 1989-1990
    • कार्यकारी निदेशक (सतर्कता) रेलवे बोर्ड (रेल मंत्रालय) जनवरी 1991-जुलाई 1992
    • अतिरिक्त डीजी (प्रशासन और कानून-व्यवस्था), जम्मू-कश्मीर 1992 से अप्रैल 1993
    • डीजीपी जम्मू-कश्मीर सितंबर 1993 से मार्च 1997
    • विशेष निदेशक, आइबी एमएचए नई दिल्ली - अप्रैल 1997 से दिसंबर 1997
    • डीजी सीआरपीएफ नई दिल्ली दिसंबर 1997 से जुलाई 2000
    • सचिव (सुरक्षा) कैबिनेट सचिवालय, भारत सरकार अगस्त 2000 से रिटायरमेंट की तारीख अगस्त 2001 तक

    खबरें और भी