कानपुर में मुठभेड़, घाटमपुर में घर में घुसकर हत्या करने वाले आरोपित को गोली मार किया गिरफ्तार
कानपुर के देवसढ़ गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित आशीष को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैरों में गोली लगी है और लूटी हु ...और पढ़ें

एनकाउंटर के बाद जांच करते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
कानपुर के देवसढ़ गांव में युवक की हत्या का मामला।
पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपित आशीष को गिरफ्तार किया गया।
आरोपित के पैरों में गोली लगी, लूटी हुई बाइक बरामद।
संवाद सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में बदमाशों द्वारा घर में घुसकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। उसके पास से लूटी हुई बाइक बरामद हुई है। आरोपित को अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, मुख्य आरोपित अभी पकड़ से बाहर है।
देवसढ़ निवासी 40 वर्षीय मुमताज गांव से करीब एक किलोमीटर दूर नया घर बनाकर पत्नी शाहजहां और चार माह की बेटी मंतशा के साथ रहते थे। शुक्रवार रात दो बदमाशों ने घर पर धावा बोलकर कुल्हाड़ी व डंडे से उनकी हत्या कर दी थी। पत्नी शाहजहां को घायल कर दिया था।
शाहजहां ने बताया था कि एक हमलावर बोल रहा था, जबकि दूसरा शांत था। उन्होंने मारपीट करते हुए जेवर के बारे में पूछा। घर की तलाशी और फिर बाइक लूटकर भाग निकले। शाहजहां ने घटना में मुमताज के पारिवारिक भाई शोयल खान उर्फ रानू पुत्र शमी अहमद के शामिल होने की बात बताई थी। वारदात के बाद में देर रात सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार रानू और बाइक चला रहा युवक दलेलपुर गांव निवासी आशीष पुत्र ओमप्रकाश दिखा था।
सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दरगाही लाल नहर पुल पर साढ़ पुलिस की आशीष से मुठभेड़ हो गई। एसीपी कृष्णकांत यादव का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही थी। सूचना पाकर पुलिस उसके पीछे पहुंची तो उसने फायर कर दिया। गोली साढ़ थाना प्रभारी केके मिश्रा के बगल से गुजरी। इसके बाद जवाबी फायर में आशीष के दौनों पैरों में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और लूटी हुई बाइक बरामद हुई है। बाइक की नंबर प्लेट टूटी हुई थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है।
आरोपित रानू की तलाश जारी
एसीपी ने बताया कि अभी आरोपित रानू की तलाश जारी है। मालूम हो कि रविवार को रानू विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों में अपनी बेगुनाही की पोस्ट करता रहा था। इसके साथ ही मृतक के स्वजन को व्हाट्सएप आडियो भेजकर धमकाया भी था।