Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में अनियंत्रित डंपर ने मचाई तबाही, 24 से ज्यादा पोल तोड़े, चार गांव की बिजली सप्लाई ठप

    Updated: Sun, 22 Mar 2026 02:07 PM (IST)

    कानपुर के सचेंडी में एक अनियंत्रित डंपर ने 24 बिजली के खंभे तोड़ दिए, जिससे चार गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। डंपर एक पेड़ और मकान के छज्जे से भ ...और पढ़ें

    ये फोटो एआई जनरेटेड है।

    ये फोटो एआई जनरेटेड है।

    HighLights

    1. अनियंत्रित डंपर ने 24 से अधिक बिजली के खंभे तोड़े।

    2. कानपुर के चार गांवों की विद्युत आपूर्ति हुई ठप।

    3. ग्रामीणों ने हरिओम पेपर मिल बंद करने की मांग की।

    संवाद सहयोगी, कल्याणपुर। सचेंडी के भौंती प्रतापपुर में रविवार भोर पहर अनियंत्रित डंपर ने करीब दो दर्जन विद्युत पोल तोड़ दिए,पेड़ से टकराकर एक मकान के छज्जे को क्षतिग्रस्त कर दिया। पोल टूटने से चार गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पास में स्थित हरिओम पेपर मिल बंद कराने की मांग करते हुए हंगामा किया।

     

    सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारू करने का आश्वाशन दिया और पुनः पोल लगाने का काम शुरू कराया। लेकिन अभी तक किसी भी गांव की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है।


    भौंती प्रतापपुर के पास पांडु नदी के किनारे हरिओम पेपर मिल है।जिसके कागज और गत्ता बनाने का काम होता है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में प्रतिदिन नगर निगम कूड़ा निस्तारण केंद्र और आस पास के इलाके से दर्जनों डंपरों से कूड़ा कचरा आता है। सड़क पर गंदगी फैली रहती है।इलाकाई लोगो का सांस लेना भी दुश्वार है।

    ग्रामीण संजय,मोनू और राघव ने बताया कि रविवार भोर पहर तेज रफ्तार डंपर चालक ने गांव की सड़क से गुजरे दो दर्जन विद्युत पोल तोड़ता हुआ एक पेड़ से टकरा गया और पास के एक मकान के छज्जे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो तब तक चालक भाग चुका था। डंपर का हाइड्रोलिक सिस्टम खुला था जिसकी वजह से वह पोल तोड़ता हुआ चला गया। हादसे के बाद बंगाली पुरवा, छीतेपुर, गंभीरपुर और पनका गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जिसके बाद भाजपा नेता शुभम शुक्ला की अगुवाई में आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और हरिओम पेपर मिल बन्द कराने और विद्युत आपूर्ति बहाली की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए।

    हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी पनकी मनोज सिंह, सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।इसके बाद लेखपाल,कानूनगो और विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री को बंद कराने का आश्वाशन दिया। लेकिन ग्रामीण तुरंत फैक्ट्री को बंद करने की मांग पर अड गए। जिसके बाद एसडीएम से बात कराई गई और आनन फानन में नए पोल मंगवा कर विद्युत आपूर्ति बहाली का काम शुरू कराया गया।

    खबरें और भी

    संभावना है कि दो दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। भाजपा नेता शुभम शुक्ला ने बताया कि बीते 16 मार्च को उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर फैक्ट्री की शिकायत दर्ज कराई थी।फैक्ट्री से गंदा पानी पांडु नदी में बहाया जाता है। रास्ते में डंपर से गंदगी फैली रहती है।चिमनी से गंदा धुआं निकलता है जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।

    स्थानीय लोग बहुत परेशान है।वही अब डंपर चालक ने लापरवाही से एक दर्जन से ज्यादा पोल तोड़ दिए,बड़ा हादसा होते होते बचा है ,फैक्ट्री बंद होनी चाहिए। फिलहाल एसडीएम ने फैक्ट्री का सोमवार को निरीक्षण करने का आश्वाशन दिया है। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि दो दर्जन पोल तोड़ता हुआ डंपर एक पेड़ से टकरा गया,हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों को शांत करा दिया गया है,डंपर चालक की तलाश की जा रही है।विद्युत विभाग तहरीर देगा तो कार्रवाई की जाएगी।