कानपुर में दहेज के लिए डाक्टर बेटी से दरिंदगी, गर्भपात से लेकर छेड़छाड़ सब सहा ससुराल में, फिर पति ने कर ली दूसरी
कानपुर में एक महिला डॉक्टर को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया, जहां पति ने दो बार गर्भपात कराया और बाद में दूसरी शादी कर ली। पुलिस आयुक्त के हस्तक्षेप ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
दहेज के लिए महिला डॉक्टर को प्रताड़ित किया गया।
पति ने दो बार जबरन गर्भपात कराया।
पति ने दूसरी शादी की, 13 धाराओं में केस।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दहेज के लिए चकेरी की एक महिला डाक्टर को पहले खूब प्रताड़ित किया गया। उसके मायके जाने पर मां न बन पाने का ताना देकर पति ने दूसरी शादी रचा ली। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस आयुक्त से गुहार लगाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति और ससुरालीजन ने मिलकर दो बार गर्भपात कराया। ननदोई की छेड़छाड़ की शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
चकेरी निवासी महिला डाक्टर के मुताबिक उसका निकाह 23 मार्च 2022 को संभल में एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए तय हुआ। पिता ने कर्ज लेकर और जेवर बेचकर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए। कार, नकद और जेवर सब कुछ दिया, लेकिन विदाई के बाद ही दहेज की मांग शुरू हो गई। 10 लाख रुपये और लाने का दबाव बनाकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने लगा।
आरोप है कि शादी की पहली रात ही पति ने साफ कर दिया था कि वह किसी और से प्रेम करते हैं और यह शादी सिर्फ दहेज के लिए की है। वह पहली बार गर्भवती हुई तो खुशी मनाने के बजाय ससुरालीजन ने खाने में कुछ ऐसा मिलाकर दे दिया, जिससे जनवरी 2023 में गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। सितंबर 2024 में दूसरी बार गर्भवती होने पर भी वैसा ही किया।
पीड़िता का आरोप है कि ननदोई की छेड़छाड़ की शिकायत करने पर उल्टा उसे ही धमकाया गया। विरोध पर जान से मारने की धमकी तक दी गई। जान बचाने के लिए वह मई,2025 को मायके आ गईं, जहां एक जनवरी 2026 को उसने बेटी को जन्म दिया। कुछ समय बाद उसे पता चला कि पति ने दूसरी शादी कर ली है। विरोध पर ताना दिया गया कि वह मां नहीं बन सकती है।
खबरें और भी
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति और ससुरालीजन पर दहेज प्रताड़ना समेत 13 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।