Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    CSJMU Admission 2026: होटल मैनेजमेंट कोर्स से करियर की नई राह, फूड बिजनेस और जॉब दोनों का मौका

    Updated: Sat, 04 Apr 2026 06:01 AM (IST)

    सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। 12वीं पास छात्र बीएचएमसीटी में दाखिला लेकर होटल ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सीएसजेएमयू में होटल मैनेजमेंट प्रवेश 2026-27 शुरू।

    2. सीएसजेएमयू में किसी भी विषय में 12वीं उत्तीर्ण छात्र पा सकते हैं दाखिला

    3. स्नातक स्तर पर चार वर्षीय बीएचएमसीटी पाठ्यक्रम 90 सीटें हैं उपलब्ध

    जागरण संवाददाता, कानपुर। सीएसजेएमयू कानपुर (CSJMU Kanpur) के स्कूल आफ होटल मैनेजमेंट में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए होटल मैनेजमेंट कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसी भी विषय में 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी दाखिला लेकर कोर्स पूरा करने के बाद फूड स्टार्टअप शुरू करके स्वरोजगार कर सकते हैं। हास्पिटैलिटी एवं होटल उद्योग में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह एक अहम मौका है।

    विश्वविद्यालय का यह संस्थान होटल, पर्यटन, खाद्य एवं पेय सेवा जैसे क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर केंद्रित है। यहां विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं ग्राहक सेवा से जुड़े गुणों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


    संस्थान में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र स्तर के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। स्नातक स्तर पर चार वर्षीय बीएचएमसीटी (बैचलर आफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलाजी) प्रमुख पाठ्यक्रम है, जिसमें 90 सीटें उपलब्ध हैं। इसमें प्रवेश के लिए 10 प्लस 2 में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक जरूरी है। इस कोर्स की वार्षिक फीस लगभग 56 हजार रुपये निर्धारित है। बीएचएमसीटी पाठ्यक्रम की विशेषता इसका औद्योगिक प्रशिक्षण ढांचा है, जिसमें दो चरणों में छह-छह माह का प्रशिक्षण अनिवार्य है।

    विद्यार्थी फूड प्रोडक्शन, फूड एंड बेवरेज सर्विस, फ्रंट आफिस एवं हाउसकीपिंग जैसे विभागों में कार्य करते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं। स्नातकोत्तर स्तर पर दो वर्षीय एमएचएमसीटी (मास्टर आफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी) पाठ्यक्रम में 20 सीटें उपलब्ध हैं। इसमें किसी भी विषय में स्नातक अभ्यर्थी प्रवेश ले सकते हैं। इस पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस लगभग 50 हजार रुपये है।

    खबरें और भी

    दो वर्षीय डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट (25 सीटें) और एक वर्षीय सर्टिफिकेट इन इंडियन स्वीट्स (20 सीटें) पाठ्यक्रम भी संचालित हैं। डिप्लोमा की वार्षिक फीस 36 हजार रुपये व सर्टिफिकेट कोर्स की फीस दो हजार रुपये निर्धारित है। सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। संस्थान में प्रशिक्षण किचन, बेकरी एवं कन्फेक्शनरी लैब, फूड एंड बेवरेज सर्विस लैब, फ्रंट आफिस एवं हाउसकीपिंग लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही औद्योगिक भ्रमण, गेस्ट लेक्चर, वर्कशाप एवं सेमिनार के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग की नवीनतम जानकारी दी जाती है।


    वर्तमान सत्र में बीएचएमसीटी के अंतिम सेमेस्टर के सभी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूर्ण होने से पूर्व ही रोजगार मिलने से शत प्रतिशत प्लेसमेंट का लक्ष्य पा लिया है। विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित होटल ग्रुप में अप्रेंटिसशिप के लिए हुआ है। आगामी समय में कानपुर में भी प्रमुख होटल ब्रांड्स के आने से हास्पिटैलिटी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। विद्यार्थी स्वयं का व्यवसाय जैसे रेस्टोरेंट, कैफे, बेकरी या फूड स्टार्टअप भी शुरू कर सकते हैं।
    सौरभ त्रिपाठी, निदेशक, स्कूल आफ होटल मैनेजमेंट।