Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर BNSD इंटर कॉलेज होगा डिबार! AI से होमगार्ड भर्ती का पेपर हल कराने की साजिश पर एक्शन; अब नहीं बनेगा परीक्षा केंद्र

    Updated: Wed, 29 Apr 2026 05:21 PM (IST)

    कानपुर के बीएनएसडी इंटर कॉलेज को होमगार्ड भर्ती परीक्षा में AI से पेपर हल कराने के प्रयास के बाद परीक्षा केंद्र के रूप में डिबार किया जाएगा। इस मामले ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. 24 अप्रैल को प्रश्नपत्र एआइ से हल कराने के प्रयास में पकड़े गए थे प्रवक्ता सहित तीन आरोपित

    2. मई माह में जिले में भर्ती परीक्षाएं हैं प्रस्तावित, जिला प्रशासन से परीक्षा केंद्रों के नाम होंगे तय

    3. प्रवक्ता सहित तीन आरोपी पकड़े गए, जांच जारी, प्रशासन ले सकता है बड़ा फैसला

    जागरण संवाददाता, कानपुर। बीएनएसडी इंटर कालेज, चुन्नीगंज 25 अप्रैल को दूसरी पाली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सेंध लगने के प्रयास के बाद से चर्चाओं में है। आगामी भर्ती परीक्षाओं में कालेज को डिबार किया जाएगा। ऐसा होने के बाद आगामी आदेशों तक इंटर कालेज में भर्ती परीक्षाएं नहीं हो सकेंगी। मई माह में होने वाली माध्यमिक विद्यालयों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा, लेखपाल भर्ती परीक्षा, यूपीएससी की ओर से कराई जाने वाली परीक्षा के लिए अब तक प्रस्तावित केंद्रों की सूची से बीएनएसडी इंटर कालेज का नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

    जिला प्रशासन की ओर से अंतिम सूची को मंजूरी दी जाएगी। बता दें, बीएनएसडी इंटर कालेज में एक हजार अभ्यर्थियों को बिठाकर परीक्षा कराने के लिए संसाधन उपलब्ध हैं। जानकार बताते हैं कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने के प्रयास के बाद से पूरे प्रदेश में विद्यालय की छवि खराब हुई है। इसलिए अब केंद्र को डिबार होना लगभग तय है।

    तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन 25 अप्रैल शनिवार को दूसरी पाली में बीएनएसडी इंटर कालेज, चुन्नीगंज में परीक्षा शुरू होने से पांच मिनट पहले एक व्यक्ति परीक्षा कक्ष की तरफ से बाथरूम जाते दिखा था। पुलिसकर्मियों व सेक्टर मजिस्ट्रेट ने शक होने पर उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से प्रश्न पत्र निकला। उसने अपना नाम रावतपुर गांव निवासी संदीप चंद्र विश्वकर्मा बताया। उसने कहा था कि उसे दूसरे कक्ष के निरीक्षक केशवपुरम निवासी निर्मल कुमार ने ये प्रश्न पत्र दिया है।

    निर्मल से पूछताछ कर पुलिस ने आल टीचर्स इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त मंत्री और बीएनएसडी इंटर कालेज के लेफ्टिनेंट एनसीसी व केमिस्ट्री के प्रवक्ता अखिलेश यादव को पकड़ा। जांच में सामने आया कि अखिलेश ने निर्मल और संदीप को फर्जी तरीके से कक्ष निरीक्षक बनाया था। दोनों इसी विद्यालय में ट्यूशन शिक्षक हैं। अखिलेश ने अपने एनसीसी कक्ष में एक मोबाइल और मिनी पाकेट प्रिंटर रखा हुआ था। संदीप व निर्मल ने बताया कि प्रश्न पत्र की फोटो खींचकर एआइ के माध्यम से उसके उत्तर प्रिंटर से निकालकर अभ्यर्थी की ओएमआर शीट में उत्तर भरने थे।

    खबरें और भी

    पुलिस पूछताछ में अखिलेश यादव ने स्वीकारा कि केंद्र व्यवस्थापक अमर सिंह के कहने पर ही दोनों ट्यूशन शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया था। अभ्यर्थी को पास कराने की बात पर अखिलेश ने कहा कि निर्मल का रिश्तेदार होने के चलते उसकी थोड़ी मदद कर रहे थे।

    जांच अधिकारी ने प्रोन्नति बोर्ड से मांगा अभ्यर्थी का ब्योरा

    25 अप्रैल को परीक्षा से अनुपस्थित अभ्यर्थी कौन था, कहां का निवासी था सहित अन्य बिंदुओं पर जांच अधिकारी एसीपी कर्नलगंज ने उप्र पुलिस भर्ती प्रोन्नति बोर्ड को पत्र लिखकर ब्योरा मांगा है। ताकि संबंधित अभ्यर्थी तक पहुंचकर आरोपितों से हुए सौदा सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा सके। वहीं, जांच अधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक अमर सिंह को भी जांच के केंद्र बिंदु में रखा है। जानकार बताते हैं कि केंद्र में नकलविहीन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी तय करने के लिए केंद्र व्यवस्थापक की भूमिका अहम होती है।

    होमगार्ड भर्ती परीक्षा में बाहरी ट्यूशन टीचर को कक्ष निरीक्षक कैसे बना दिया गया और वो कमरे में कैसे ड्यूटी दे रहे थे, दोनों के आइकार्ड को प्रमाणित क्यों नहीं किया गया, क्या प्रवक्ता अखिलेश यादव केंद्र व्यवस्थापक के इशारे पर काम कर रहे थे, ऐसे ही अन्य कई सवालों को लेकर केंद्र व्यवस्थापक अमर सिंह संदेह के घेरे में है। पुलिस अधिकारी बताते हैं कि आरोपित अखिलेश ने फर्जी कक्ष निरीक्षक बनवाने में केंद्र व्यवस्थापक बने प्रधानाचार्य अमर सिंह का नाम लिया है। इसलिए उन्हें संदेह के दायरे से बाहर नहीं रखा जा सकता। वहीं, डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उप्र पुलिस भर्ती प्रोन्नति बोर्ड से अनुपस्थित अभ्यर्थी का विवरण मांगा गया है। इसके साथ ही प्रधानाचार्य की भूमिका की जांच की जा रही है।