जालौन: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर युवकों ने गाड़ियों पर फेंके पत्थर, बाल-बाल बचे यात्री
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सकरहनी गांव के पास कुछ युवकों ने गुजरते वाहनों पर पत्थर फेंके, जिससे चालकों में अफरातफरी मच गई लेकिन बड़ा हादसा टल गया। ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
युवकों ने एक्सप्रेसवे पर वाहनों पर पत्थर फेंके।
चालकों में अफरातफरी मची, बड़ा हादसा टला।
वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।
संवाद सूत्र, कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सकरहनी गांव के पास दो-तीन युवकों ने गुजर रहे वाहनों पर पत्थर फेंक दिए। अचानक वाहनों पर पत्थर गिरने से वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी वाहन का संतुलन नहीं बिगड़ा और लोग बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित होने के बाद एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रचलित वीडियो में दो-तीन युवक एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़े दिखाई दे रहे हैं। इनमें युवक गुजर रहे वाहनों को निशाना बनाकर पत्थर फेंकते हुए साफ नजर आ रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से चलते हैं। ऐसे में सामने से अचानक पत्थर लगने पर चालक के नियंत्रण खोने से बड़ा हादसा हो सकता था।
लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रचलित वीडियो बीते मंगलवार का बताया जा रहा है। घटना के बाद लोगों ने इसकी जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचाने का प्रयास किया। यूपीडा के टोल फ्री नंबर पर भी संपर्क किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा। इससे लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेसवे पर नियमित गश्त बढ़ाने, वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया घटना संज्ञान में नहीं है। प्रचलित वीडियो के आधार पर घटना की जांच करवाई जा रही है।