कन्नौज में लापता युवक के भाई ने पत्नी व मायके पक्ष पर लगाया गंभीर आरोप, अनहोनी की जताई आशंका
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र से एक युवक विपिन सिंह के लापता होने का मामला सामने आया है। भाई रंजीत ने विपिन की पत्नी और उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप ल ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
कन्नौज में युवक विपिन सिंह 5 अप्रैल 2026 से लापता।
भाई रंजीत ने पत्नी व मायके पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप।
अनहोनी की आशंका जताते हुए न्यायालय की शरण ली।
संवाद सूत्र, सौरिख(कन्नौज)। थाना क्षेत्र के ग्राम अरूहो के युवक ने अपने भाई विपिन सिंह के लापता होने के मामले में पत्नी समेत 12 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि उसके भाई को पत्नी और मायके पक्ष के लोग बहाने से अपने साथ ले गए। इसके बाद से भाई विपिन का कोई पता नहीं चल रहा है। अनहोनी की आशंका जताते हुए रंजीत ने कार्रवाई के लिए न्यायालय की शरण ली।
ग्राम अरुहो निवासी रंजीत ने बताया कि उसके भाई विपिन सिंह का विवाह इटावा जिले के थाना उसराहार क्षेत्र के बछरोहि गांव निवासी बबिता देवी के साथ हुआ था। दोनों का करीब सात वर्षीय पुत्र भी है। पति-पत्नी के बीच मनमुटाव के बाद बबिता देवी मायके चली गई थी। रंजीत के अनुसार पांच अप्रैल 2026 को दोपहर बबिता देवी के साथ उसके मायके पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे।
आरोप है कि सभी विपिन को अपने साथ ले गए। रंजीत ने बताया कि इसके बाद उसने भाई से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन भाई से बात नहीं कराई गई। 14 अप्रैल को वह भाई की ससुराल पहुंचा तो वहां भी नहीं मिला। इसके बाद उसने रिश्तेदारों और अन्य स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन भाई का कोई पता नहीं चला। एक युवक ने उसे फोन पर धमकी दी कि कानूनी कार्रवाई करने पर उसका अंजाम बुरा होगा।
रंजीत ने थाना इटावा और थाना सौरिख में कई बार प्रार्थना पत्र देने के साथ चार मई 2026 को पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। रंजीत ने भाई का पता लगाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।