वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति ने हास्टलों और शैक्षणिक संस्थानों का किया निरीक्षण
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने परिसर के छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुविधाओं क ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय कुलपति ने छात्रावासों व शैक्षणिक संस्थानों का किया निरीक्षण, सुधार के दिए निर्देश।
HighLights
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने परिसर का निरीक्षण किया।
छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों की सुविधाओं को परखा।
बिजली, पानी, इंटरनेट की कमियों पर सुधार के निर्देश।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सोमवार को परिसर स्थित विभिन्न हास्टलों और शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति परखी और कमियां मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उनके साथ प्रॉक्टर, चीफ वार्डन और वार्डन भी रहे।
कुलपति ने दोपहर में सबसे पहले सीवी रमन हास्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने हास्टल में साफ-सफाई, बिजली, पानी और इंटरनेट व्यवस्था का जायजा लिया। विद्यार्थियों के रहने और पढ़ाई के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अन्य हास्टलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद कुलपति विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और संकायों में पहुंचीं।यहां उन्होंने कक्षाओं में छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, बिजली, पानी और इंटरनेट सुविधा के बारे में जानकारी ली। कई संस्थानों में इंटरनेट व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
प्रबंध अध्ययन संकाय में पिछले एक सप्ताह से बिजली खराब होने की जानकारी मिलने पर कुलपति ने नाराजगी जताई। बिजली नहीं होने के कारण जेनरेटर से काम चलाया जा रहा था। इस पर उन्होंने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए समस्या का तत्काल समाधान कराने का कड़ा निर्देश दिया।कुलपति ने कई घंटे तक परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। हास्टलों और शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।