पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कुलसचिव आवास का ताला तोड़कर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई गतिविधि
चोरों ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह के आवास का ताला तोड़कर चोरी की, जिसकी गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हो ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कुलसचिव आवास में चोरी, सीसीटीवी में दिखे चोरों के चेहरे। (AI Image)
HighLights
कुलसचिव आवास का ताला तोड़कर चोरी की वारदात।
चोरों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में हुईं कैद।
विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह के आवास का ताला तोड़कर शुक्रवार रात चोरों ने चोरी की।कुलपति प्रो. वंदना सिंह के आवास के सामने स्थित कुलसचिव आवास में तीन-चार चोरों के प्रवेश की बात सामने आई है।
चोरों ने अलमारी समेत अन्य सामान खंगाला और कपड़े व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इधर-उधर बिखेर दिए। फ्रिज खोलकर पानी पीने के बाद उसका दरवाजा भी खुला छोड़ दिया। भागते समय उनकी गतिविधियां ट्रांजिट हास्टल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
चोर विश्वविद्यालय की उत्तरी चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे।करीब एक हजार वर्गफीट क्षेत्र में स्थित धान के खेत से होते हुए कुलसचिव आवास की चारदीवारी तक पहुंचे और रेलिंग फांदकर अंदर प्रवेश किया। मौके पर दीवार पर चढ़ने और जमीन पर पैरों के निशान भी मिले। इसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर आवास में प्रवेश किया गया।
शनिवार सुबह जानकारी होने पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, प्राक्टर प्रो. अजय प्रताप सिंह और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे।आवास की वीडियोग्राफी कराकर कुलसचिव को भेजी गई। साप्ताहिक अवकाश के चलते डॉ. विनोद कुमार सिंह लखनऊ स्थित आवास गए थे। वीडियो देखने के बाद उन्होंने बताया कि बिस्तर पर रखी उनकी घड़ी नहीं मिली है।
खबरें और भी
अन्य सामान की स्थिति उनके लौटने के बाद स्पष्ट होगी। प्राक्टर की सूचना के बाद कुलसचिव ने भी सरायख्वाजा पुलिस को लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं।
पूर्वी हिस्से में कुलसचिव आवास, कुलपति आवास और परीक्षा नियंत्रक आवास के साथ तीन महिला छात्रावास भी स्थित हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है।विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों का कहना है कि संवेदनशील हिस्से में ऊंचे सुरक्षा पोस्ट, हाईमास्ट लाइट और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग पहले भी की जा चुकी है।
चारदीवारी के कमजोर हिस्सों की नियमित निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में चोरी के साथ किसी बड़ी घटना की आशंका को भी समय रहते रोका जा सके।