विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में बिजली आपरेटर को पीटने व रजिस्टर फाड़ने के आरोप में सिपाही लाइन हाजिर

By Amardeep Srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 06 Sep 2026 05:55 PM (IST)

जौनपुर के सुरेरी विद्युत उपकेंद्र पर ऑपरेटर से मारपीट, अभिलेख फाड़ने और मोबाइल तोड़ने के आरोप में सिपाही संतोष यादव ...और पढ़ें

जौनपुर में बिजली ऑपरेटर पर हमला करने वाले सिपाही पर हुई कार्रवाई, कर्मचारियों में आक्रोश।

जौनपुर में बिजली ऑपरेटर पर हमला करने वाले सिपाही पर हुई कार्रवाई, कर्मचारियों में आक्रोश।

HighLights

  1. सिपाही ने विद्युत ऑपरेटर से मारपीट की, अभिलेख फाड़े, मोबाइल तोड़ा।

  2. आरोपी सिपाही संतोष यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया।

  3. विद्युत कर्मियों ने निलंबन, एफआईआर की मांग की, आंदोलन की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। सुरेरी विद्युत उपकेंद्र पर ड्यूटी के दौरान आपरेटर से मारपीट, अभिलेख फाड़ने व मोबाइल फोन तोड़ने के आरोप में रविवार को सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बिजली कर्मियों ने आरोपित सिपाही के निलंबन की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

उपकेंद्र पर तैनात आपरेटर अजय कुमार सिंह ने तहरीर दिया। बताया कि शनिवार रात करीब 10:50 बजे मुख्य आपूर्ति बाधित थी। थाने में तैनात सिपाही संतोष यादव उपकेंद्र पर पहुंचे। बिजली बहाली में दो घंटे का समय लगने की बात कहने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी से पिटाई की। घटना की फोटो खींचने का प्रयास करने पर मोबाइल फोन तोड़ने के साथ ही शिफ्ट व शिकायत रजिस्टर फाड़ दिए गए।

स्थानीय लोगों के बीच-बचाव से जान बची। शिकायतकर्ता ने सिपाही के नशे में होने का भी आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित विद्युत कर्मियों ने रविवार को उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते हुए आरोपित सिपाही के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने व निलंबन की मांग की। अधिकारियों के समझाने पर किसी तरह शांत हुए कर्मचारियों ने प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया है।

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की गुंडागर्दी से उनमें असुरक्षा का माहौल है। यदि त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। सुरेरी थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों ने आरोपित सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। पीड़ित आपरेटर की तहरीर मिली है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।