जालौन में दो किन्नरों से नकदी समेत 2 लाख की लूट, SP-DM बंगले के पास हुई वारदात
जालौन में रामलीला से लौट रहे दो किन्नरों से एसपी-डीएम बंगले के पास 35 हजार नकद, 10 ग्राम सोने की चेन और 25 हजार का मोबाइल लूट लिया गया। ...और पढ़ें

HighLights
किन्नरों से 35 हजार नकद, सोना, मोबाइल लूटा गया।
एसपी-डीएम बंगले के पास हुई वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की।
जागरण संवाददाता, जालौन। शनिवार की रात ग्राम हरक्का से रामलीला में नृत्य करके लौट रहे दो स्कूटी सवार किन्नरों का जालौन रोड पर दो बाइकों पर सवार छह युवकों ने पीछा किया। जैसे ही स्कूटी सवार किन्नर एसपी-डीएम बंगले के पास पहुंचे तो बाइक सवारों ने आगे रोकते हुए उनका बैग लूट लिया।
किन्नरों ने उनका पीछा किया तो आरोपित कलेक्ट्रेट के बगल से पुलिस लाइन की तरफ भाग गए। बैग में 10 ग्राम सोने की चेन, 35 हजार रुपये की नकदी व 25 हजार रुपये का नया मोबाइल रहा। पीड़ित किन्नरों ने कोतवाली में शिकायत की लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। सीओ राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।
शहर के नया पटेल नगर करसान रोड निवासी करिश्मा व साक्षी (किन्नर) ग्राम हरक्का में हो रही रामलीला में नृत्य करते थे। 15 दिन नृत्य करने के बाद शनिवार की रात उन्हें आयोजकों से 35 हजार रुपये का भुगतान मिला था। रात में रामलीला समाप्त होने के बाद दोनों स्कूटी से बैग में 35 हजार रुपये, 10 ग्राम सोने की चेन, एक मोबाइल रखकर वापस घर लौट रहे थे।
शिकायती पत्र देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
जैसे ही दोनों की स्कूटी बोहदपुरा के पास पहुंची तो दो बाइकों पर सवार छह युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। जब दोनों किन्नर शहर के अंदर एसपी-डीएम बंगले के पास पहुंचे तो बाइक सवारों ने उन्हें रुकने को कहा। जब स्कूटी चला रही साक्षी रुकने लगी इसी दौरान बाइक सवारों ने उसका बैग खींचा और भाग गए।
खबरें और भी
दोनों बाइक सवार आरोपित तेजी से भागे इस कारण किन्नर उनका पीछा करते हुए कलेक्ट्रेट तक आए तो आरोपित पुलिस लाइन की तरफ भाग गए। पीड़ितों कोतवाली पुलिस को लिखित में शिकायती पत्र दिया। रविवार दोपहर तक कोई कार्रवाई न होने पर किन्नर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे जहां छुट्टी होने के कारण उनकी फरियाद उच्चाधिकारियों तक नहीं पहुंच सकी।
किन्नर करिश्मा ने बताया कि उसने मार्च के महीने में 25500 रुपये का नया मोबाइल लिया था। 15 दिन गर्मी में कड़ी मेहनत करके रुपये कमाए थे उसे लूट लिया गया और कार्रवाई भी नहीं हुई। वह लोग छोटे कलाकार हैं और नृत्य करके ही अपनी जीविका चलाते हैं।