जालौन में ब्लाक प्रमुख को थप्पड़ मारने के प्रयास में फंसे आइएएस रिंकू सिंह, डीएम ने बैठाई जांच
जालौन में कोल्ड स्टोरेज निरीक्षण के दौरान आईएएस रिंकू सिंह राही पर ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन को थप्पड़ मारने का प्रयास करने का आरोप लगा है। जिलाधिका ...और पढ़ें

HighLights
जालौन में ब्लाक प्रमुख ने कोल्ड स्टोर में चेकिंग के दौरान के कैमरे के फुटेज डीएम को सौंपे
कहा-मंगाए थे ढाई मिनट में कागज, जिलाधिकारी ने एडीएम वित्त को मामले की दी है जांच
जागरण संवाददाता, जालौन। बिना काम के वेतन लेना नियम के विपरीत बता भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) से इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह राही जिले में एसडीएम के रूप में तैनाती के बाद से ही विवादों में घिरे हैं। पांच मई को जालौन तहसील में कार्यभार संभालने के बाद से वह किसी न किसी मामले में चर्चा में हैं।
अब नया प्रकरण 23 जून को पांच सदस्यों की टीम के साथ बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान का है। जांच करने पहुंचे रिंकू सिंह की कोल्ड स्टोरेज मालिक व निवर्तमान जालौन ब्लाक प्रमुख रामराजा निरंजन से कागजात दिखाने को लेकर बहस हो गई। ब्लाक प्रमुख का आरोप है कि रिंकू राही ने उन्हें थप्पड़ मारने का प्रयास किया व असफल रहने पर धक्का दे दिया।
उन्होंने मामले की शिकायत जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय से की व कैमरे के फुटेज भी साक्ष्य के तौर पर सौंपे। जिलाधिकारी ने एसडीएम के इस आचरण व अभद्रता के मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज को देकर रिपोर्ट मांगी है।
जिलाधिकारी से की गई शिकायत में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख ने बताया कि आइएएस रिंकू सिंह राही 23 जून को 4:07 बजे उनके जालौन मार्ग पर भिटारा स्थित कोल्ड स्टोरेज में आए। उनसे कहा कि अगर कोई कमी हो तो पहले बता दें। इस पर उन्हें जवाब दिया कि आप स्वयं जांच करने आए हैं तो जो भी कमी बताएंगे, उसका निस्तारण करूंगा। इसके बाद उन्होंने पंप चालू करने को कहा।
खबरें और भी
पंप की लाइन चार इंच की है व मोटर लगभग 250 फीट दूर पानी भेजती है। इसलिए इसे भरने में कुछ मिनट का समय लगता है। लाइन भरते ही प्रेशर के साथ नोजल चालू हो गया था, जो वीडियो में दिख रहा है। इसके बाद एसडीएम ने कहा कि कागजात केवल ढाई मिनट में दिखाएं। इस पर जब उनसे कार्यालय में बैठने को कहा तो मना कर दिया।
कोल्ड स्टोरेज के निदेशक राजेश शुक्ला को फोन करके बुलाया कि कागज दिखाने हैं, आफिस आ जाओ। इसी बीच एसडीएम ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कहा कि आपके ढाई मिनट खत्म हो गए हैं। जब कागज आने की बात कही गई तो उन्होंने थप्पड़ मारने का प्रयास किया। बताया कि घटना को 50 से अधिक किसानों व मजदूरों ने भी देखा है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि जांच मिली है। एसडीएम को नोटिस जारी किया गया है। सोमवार को बयान लिए जाएंगे। वहीं, एसडीएम रिंकू सिंह राही का कहना है कि कोल्ड स्टोरेज में कमियां मिली हैं। उसकी ही जांच को प्रभावित करने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।