UP के पूर्व सीएम कल्याण सिंह की प्रतिमा पर बरसाए ईंट पत्थर, क्षतिग्रस्त होने पर ग्रामीणों में भड़का गुस्सा
सिकंदराराऊ के नगला मसंद गांव में असामाजिक तत्वों ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। प्रतिमा का कान तोड़ा गया और उसे गिराने ...और पढ़ें

हाथरस के सिकंदराराऊ में कल्याण सिंह की क्षतिग्रस्त प्रतिमा और जमीन पर पड़े ईंट पत्थर।
संवाद सूत्र, सिकंदराराऊ (हाथरस)। सिकंदराराऊ क्षेत्र के नगला मसंद गांव में शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा का एक कान तोड़ दिया गया, वहीं उसे गिराने का भी प्रयास किया गया। घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया और गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण प्रतिमा स्थल पर पहुंचे तो वहां टूटी ईंटें और क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखकर हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और विरोध जताने लगे। सूचना मिलते ही पोरा चौकी इंचार्ज और सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने तत्काल प्रतिमा की मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया है, जिससे लोगों में व्याप्त नाराजगी को शांत किया जा सके।
उक्त मामला कोतवाली पुलिस के संज्ञान में है, मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों को किसी भी कीमत पर बखशा नहीं जाएगा, पुलिस द्वारा प्रतिमा का सौंदर्यी करण कराया जा रहा है।
शिवकुमार शर्मा, प्रभारी कोतवाली