Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाथरस-सादाबाद विधायक का रिपोर्ट कार्ड: सड़क-सिंचाई में दिखी रफ्तार, शिक्षा-स्वास्थ्य के सवाल अब भी बरकरार

    By Mohan Agrwal Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 22 Jul 2026 08:44 PM (GMT+05:30)

    सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह के कार्यकाल में सड़क और सिंचाई में प्रगति हुई है, लेकिन शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के मुद्दे अनसुलझे हैं। बिसावर आईट ...और पढ़ें

    हाथरस की सादाबाद विधानसभा सीट से विधायक प्रदीप चौधरी।

    हाथरस की सादाबाद विधानसभा सीट से विधायक प्रदीप चौधरी।

    HighLights

    1. सड़क निर्माण, सिंचाई व्यवस्था में विधायक के कार्यकाल में प्रगति।

    2. बिसावर आईटीआई, डिग्री कॉलेजों में शिक्षक कमी बड़ी समस्या।

    अभिषेक तायल, हाथरस। सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्रदीप कुमार सिंह के साढ़े चार साल के कार्यकाल में सड़क निर्माण, संपर्क मार्गों के विस्तार, सिंचाई व्यवस्था और पेयजल योजनाओं पर उल्लेखनीय काम हुआ है। कई प्रमुख मार्गों का निर्माण और चौड़ीकरण हुआ, करबन नदी पर तीन पुलों का निर्माण जारी है तथा बंबा और रजवाहों में टेल तक पानी पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।

    जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं को भी गति मिली है। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और सिंचाई की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है। इसके बावजूद शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े कई मुद्दे आज भी विधानसभा क्षेत्र में अधूरे दिखाई देते हैं। सबसे बड़ा सवाल बिसावर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का है

    करीब पांच वर्ष पहले भवन तैयार होने के बावजूद इसका संचालन आज तक शुरू नहीं हो सका है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी बिसावर और कुरसंडा के डिग्री कालेजों में शिक्षकों की कमी विद्यार्थियों की चिंता बनी हुई है। बिसावर का पारंपरिक घुंघरू उद्योग भी सरकारी प्रोत्साहन का इंतजार कर रहा है।

    स्वास्थ्य सुविधाओं की बात करें तो कुरसंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन तैयार होने के बाद भी यहां विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और आधुनिक उपकरणों का अभाव बना हुआ है। बड़ी आबादी इसी अस्पताल पर निर्भर है, लेकिन गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद हाथरस या आगरा रेफर करना पड़ता है।

    खबरें और भी

    लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच सादाबाद में ट्रामा सेंटर की मांग भी वर्षों से अधूरी है। सादाबाद रोडवेज बस स्टैंड जर्जर हालत में है। यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और नियमित बस संचालन भी नहीं हो रहा। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

    उनका मानना है कि सड़क और सिंचाई के क्षेत्र में काम जरूर हुए हैं, लेकिन नई पीढ़ी की अपेक्षाएं तभी पूरी होंगी जब रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े अधूरे कार्य भी जमीन पर दिखाई देंगे।

    विकास को मिली नई गति

    साढ़े चार साल में विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। विधायक निधि और लोक निर्माण विभाग के सहयोग से कई प्रमुख सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण कराया गया। करबन नदी पर तीन पुलों का निर्माण प्रगति पर है, जिनसे गांवों के बीच आवागमन आसान होगा। सादाबाद-राया मार्ग का सौंदर्यीकरण कराया गया है व प्रमुख चौराहों को भी विकसित किया गया है

    जल जीवन मिशन के तहत चार पानी की टंकियों और पाइपलाइन परियोजना पर काम कराया गया है। किसानों को बंबों में टेल तक पानी मिल रहा है और आगे लाइनिंग का कार्य भी कराया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में कंपोजिट और पीएमश्री विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। बिसावर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से कंपोजिट विद्यालय का निर्माण चल रहा है।

    आलू प्रोसेसिंग यूनिट भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि सादाबाद में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष कार्य भी जल्द पूरे कराकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जाएगी।

    प्रदीप कुमार सिंह, विधायक सादाबाद, आरएलडी

     

    समस्याएं जस की तस

    विधानसभा क्षेत्र में कुछ सड़कें जरूर बनी हैं, लेकिन मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस हैं। बिसावर आईटीआई भवन पांच वर्ष पहले तैयार हो गया था, लेकिन आज तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। डिग्री कालेजों में शिक्षकों की कमी से उच्च शिक्षा प्रभावित हो रही है। कुरसंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त डाक्टर, स्टाफ और उपकरण उपलब्ध नहीं हैं

    जिससे मरीजों को दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता है। सादाबाद बस स्टैंड बदहाल है और ट्रामा सेंटर का निर्माण अब तक नहीं हो पाया। कई ग्रामीण सड़कें भी जर्जर हैं। जनता को सड़क निर्माण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जरूरत है। इन मुद्दों पर गंभीरता से काम होना चाहिए।

    देवेंद्र अग्रवाल, सपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक


    ये है गणित

    • कुल मतदाता- 341533
    • पुरुष मतदाता- 188338
    • महिला मतदाता- 153192
    • अन्य - 03