डांस स्टेप्स सिखाते सिखाते लड़की को भगा ले गया टीचर, लव जिहाद की आशंका पर तनाव; हाथरस में पुलिस तैनात
हाथरस के सिकंदराराऊ में एक नाबालिग किशोरी को डांस टीचर द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, सिकंदराराऊ (हाथरस)। भूतेश्वर कालोनी स्थित सराय उम्दा बेगम की गिहिरा बस्ती से एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
जिसे देखते हुए पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला मटकोटा निवासी बिलाल भूतेश्वर कालोनी में डांस ट्रेनर का काम करता है। आरोप है कि वह डांस क्लास के पास रहने वाली नाबालिग किशोरी के संपर्क में था और काफी समय से उसे बहला-फुसलाने का प्रयास कर रहा था।
बताया गया कि मंगलवार देर रात वह किशोरी को अपने साथ लेकर चला गया। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो परिजन व स्थानीय लोग बड़ी संख्या में आरोपी के घर पहुंच गए।
वहां किशोरी और युवक के न मिलने पर लोगों में आक्रोश फैल गया और हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कर हालात पर काबू पाया।
पिता हिरासत में, मुकदमा दर्ज
किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बिलाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। वहीं पूछताछ के लिए आरोपी के पिता को हिरासत में लिया गया है।
संगठनों ने जताई नाराजगी
घटना को लेकर विभिन्न संगठनों ने नाराजगी व्यक्त की है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
तलाश में जुटी पुलिस
कोतवाली पुलिस का कहना है कि किशोरी और आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही दोनों को बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।