हाथरस में सड़क हादसा: पेड़ से टकराई इकोस्पोर्ट कार, ड्राइवर की मौत
आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बरोस के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में इकोस्पोर्ट कार चालक राम कुमार राणा की मौत हो गई। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर इकोस्पोर्ट कार दुर्घटनाग्रस्त।
सामने से आ रहे वाहन को बचाने में हादसा।
चालक राम कुमार राणा की मौके पर मौत।
संवाद सूत्र, सादाबाद (हाथरस)। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में इकोस्पोर्ट कार चालक की मौत हो गई। हादसा ग्राम बरोस के निकट उस समय हुआ, जब चालक सामने से आ रहे वाहन को बचाने का प्रयास कर रहा था। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार थाना चंदपा क्षेत्र के गांव खेड़ा पारसोली निवासी 40 वर्षीय राम कुमार राणा पुत्र अशोक कुमार राणा आगरा से सादाबाद की ओर इकोस्पोर्ट कार से आ रहे थे।
सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्राम बरोस के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी, जिससे वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- गृहस्थ जीवन छोड़ पकड़ी आध्यात्म की राह, हाथरस व आगरा की दो युवतियां ईश्वरीय सेवा के लिए समर्पित
पुलिस ने स्वजन को दी सूचना
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चालक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में 15 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे PM Modi, अगस्त में प्रस्तावित कार्यक्रम
पुलिस ने कही ये बात
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।