दोहरे हत्याकांड से दहला सादाबाद: पूर्व फौजी और पत्नी की निर्मम हत्या, खून से सने शव देखकर मची खलबली
हाथरस के सादाबाद में एक पूर्व फौजी और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों के ...और पढ़ें
HighLights
पूर्व फौजी और पत्नी की धारदार हथियार से हत्या।
हाथरस के सादाबाद में घर के अंदर मिले शव।
पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए।
जागरण, संवाददाता, हाथरस। आगरा बाईपास मार्ग पर ताज बाडी के निकट गांव इस्लाम नगर में रविवार सुबह पूर्व फौजी और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव मकान के अंदर रक्तरंजित हालत में पड़े मिले। सुबह दुकान खोलने के लिए जब पूर्व फौजी 9 बजे तक बाहर नहीं आए तब स्वजन को शक हुआ। ऊपर मकान में पहुंचने पर दोहरे हत्याकांड का पता चला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए पुलिस की आठ टीमें लगाई गई हैं।
गांव मंस्या निवासी 60 वर्षीय शमसुद्दीन खान पुत्र सद्दीक खान करीब 20 साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने आगरा बाईपास मार्ग स्थित इस्लाम नगर में अपनी जमीन पर दुकान और मकान बनवाया था। वह कबाड़ और पुराने फर्नीचर का कारोबार करते थे। दुकान के ऊपर बने मकान में पत्नी सबीना बेगम (58) के साथ रहते थे।
दंपती बाहर नहीं निकले, तब हुई अनहोनी की आशंका
रविवार सुबह नौ बजे तक दंपती घर से बाहर नहीं निकले। प्रतिदिन सुबह दुकान खोलने वाले शमसुद्दीन के नहीं दिखने पर उनके बड़े भाई शेर मोहम्मद को आशंका हुई। उन्होंने अपने बेटों को मकान में देखने के लिए भेजा। वहां दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सादाबाद कोतवाली पुलिस और अपर पुलिस अधीक्षक रमानंद कुशवाहा मौके पर पहुंचे।
शमसुद्दीन ने दो शादियां की थीं
डॉग स्क्वॉयड और फारेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस लूट और पुरानी रंजिश समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। शमसुद्दीन ने दो शादियां की थीं। दोनों परिवारों के बीच अच्छा तालमेल बताया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पीएसी समेत कई थानों का फोर्स तैनात रहा।
मामले में अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। दोहरे हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए आठ पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपितों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।
चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसपी हाथरस
