Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरदोई में तेज रफ्तार स्कॉर्पियों से कुचलकर आम विक्रेता की मौत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य घायल

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 04:45 PM (IST)

    हरदोई के कछौना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आम विक्रेता अरुण वर्मा को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने इसे राजनीतिक रंजिश में हत ...और पढ़ें

    तेज रफ्तार स्कॉर्पियों से कुचलकर आम विक्रेता की मौत।

    तेज रफ्तार स्कॉर्पियों से कुचलकर आम विक्रेता की मौत।

    HighLights

    1. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आम विक्रेता को कुचला।

    2. परिजनों ने राजनीतिक रंजिश में हत्या का आरोप लगाया।

    3. पुलिस ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

    संवाद सूत्र, कछौना (हरदोई)। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कछौना क्षेत्र के समोधा गांव में शुक्रवार देर रात बेकाबू स्कॉर्पियो ने आम विक्रेता को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन एक मकान के मुख्य गेट से जा टकराया, जिसमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य घायल हो गए।

    घटना के बाद परिजनों ने इसे महज दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए राजनीतिक रंजिश में की गई सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया और शव सड़क पर रखकर करीब छह घंटे तक प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों के निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

    समोधा गांव निवासी अरुण वर्मा अपने भाई एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुमेर वर्मा के घर के बाहर आम का ठेला लगाकर रोजी-रोटी चलाते थे। शुक्रवार देर रात सामने रहने वाले बसपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य परशुराम चौरसिया का चालक आशीष गौतम स्कॉर्पियो लेकर निकला।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले अरुण वर्मा के ठेले से टकराई और उन्हें कुचलते हुए डॉ. सुमेर वर्मा के घर के मुख्य गेट से जा भिड़ी। हादसे में अरुण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गेट पर खड़े डॉ. सुमेर वर्मा घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए संडीला भेजा गया।

    खबरें और भी

    घटना के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक के भाई अनुज वर्मा ने आरोप लगाया कि चालक ने राजनीतिक रंजिश के चलते जानबूझकर वाहन चढ़ाकर हत्या की है। इसी मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।

    सूचना पर कछौना, सुरसा, बघौली और संडीला थानों की पुलिस के अलावा तीनों क्षेत्रों के पुलिस क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजन नहीं माने। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

    करीब छह घंटे बाद एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटवाया गया।

    एएसपी ने बताया कि मृतक के पिता रामखेलावन की तहरीर पर कार मालिक, चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बलरामपुर में बढ़ा बिजली संकट, लो वोल्टेज और कटौती से लोग परेशान

    यह भी पढ़ें- मरे सांप को मुंह में दबाकर वीडियो बनवाना पड़ा भारी, युवक को लगे 13 एंटी वेनम इंजेक्शन, अब कैसी है उसकी हालत?