हरदोई में पति की क्रूरता, पत्नी को बाल पकड़कर कार से खींचा; बेटियों को सड़क पर फेंका
हरदोई में पिता की तेरहवीं से लौटते समय पति ने पत्नी को बाल पकड़कर कार से खींचा और बेटियों को भी सड़क पर फेंक दिया। पत्नी ने मायके में रुकने की बात कही ...और पढ़ें

HighLights
पति ने पत्नी को बाल पकड़कर कार से खींचा।
मायके में रुकने की बात पर पति भड़क गया।
पीड़िता ने देहात कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, हरदोई। पिता की तेरहवीं में शामिल हाेने महिला के मायके में रुकने की बात कहने पर पति भड़क गया। कार में बैठाकर घर के लिए निकले पति ने रास्ते में बाल पकड़कर कार से खींचकर उतार दिया और जमकर पिटाई कर दी। महिला ने पति पर बेटियों को भी कार से सड़क पर फेंकने का आरोप लगाया। मायके पक्ष ने उसे घायलावस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।
देहात कोतवाली के ग्राम बनियानीपुरवा की उपासना ने बताया कि उसके पिता रामनाथ की मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को वह पति कमलेश, सास, ससुर और ननद के साथ कार से पिता की तेरहवीं में शामिल होने मायके गुलामऊ गई थी। कार्यक्रम संपंन होने के बाद मां बिटोली ने उपासना से कुछ दिन रुक जाने की बात कही, जिस पर उपासना का पति भड़क गया और कार में बैठाकर घर के लिए चल दिया।
रास्ते में उपासना की पति से कहासुनी होने लगी। आरोप है कि पति ने रास्ते में कार रोक दी, बाल पकड़कर उसे कार से बाहर खींच लिया और पिटाई कर दी। आरोप है कि बेटी सौम्या और तान्या को कार से नीचे फेंक दिया। तीनों को वहीं छोड़कर कार लेकर चल गया।
किसी तरह वह बेटियों को लेकर मायके पहुंची और मां-भाइयों को आपबीती सुनाई। वह लोगों ने उपासना और उसकी बेटियों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया। उपासना से पति, सास-ससुर के विरुद्ध देहात कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिए जाने की बात कही है। कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।