विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई की मेन सड़कों से हटेंगे बिजली के खंभे, कम्यूनिटी सेंटर और पार्क सौंदर्यीकरण के लिए 8 करोड़ की मंजूरी 

Published: Wed, 03 Jun 2026 06:34 PM (IST)

हरदोई नगर पालिका को 'नवयुग पालिका योजना' के तहत 8 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की मंजूरी मिली है। इसमें ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. 8 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी।

  2. बिजली के खंभे हटेंगे, अंडरग्राउंड केबलिंग होगी।

  3. सामुदायिक केंद्र, पार्क, प्रेक्षागृह का नवीनीकरण।

जागरण संवाददाता, हरदोई। नगर वासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी के प्रयासों से हरदोई नगर पालिका को प्रदेश की चुनिंदा नगर पालिकाओं में शामिल किया गया है, जिसके तहत नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत लगभग 8 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इस योजना से न केवल शहर का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार होगा।

इस योजना के तहत मुख्य मार्गों से बिजली के खंभे हटाकर अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी, जिससे शहर को तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित व सुचारु होगी। नगर प्रशासन का मानना है कि इससे बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों में भी कमी आएगी।

अधिशाषी अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के प्रयासों से तैयार इस योजना का विस्तृत कार्य प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही कार्य शुरू होने की संभावना है। योजना के तहत शहर को आधुनिक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया है।

प्रस्तावित कार्यों में 3.75 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत पोल हटाकर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य शामिल है। इसके अलावा श्रीश चंद्र बरातघर के निकट 500 सीट क्षमता वाला कम्यूनिटी सेंटर 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। वहीं अरुणा पार्क, आवास विकास और सुभाष नगर स्थित चार पार्कों के सौंदर्यीकरण पर 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क और गलियों के निर्माण के लिए 1.65 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि रसखान प्रेक्षागृह के नवीनीकरण पर 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि यह योजना शहर को आधुनिक और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नगरवासियों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा।