Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरदोई में 3.3 करोड़ से बनेगा पुल, लोक निर्माण विभाग ने दी मंजूरी; जल्द शुरू होगा काम

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 07:30 PM (IST)

    हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र के गढिया अन्तूपुरवा में बरसाती नाले पर 3.30 करोड़ रुपये की लागत से लघु सेतु निर्माण को मंजूरी मिल गई है। यह पुल वर्षों पुरान ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. हरदोई में 3.30 करोड़ से लघु सेतु बनेगा।

    2. बरसाती नाले पर पुल से आवागमन सुगम होगा।

    3. हजारों ग्रामीणों को मिलेगी राहत, विकास को गति।

    संवाद सूत्र, हरपालपुर। कटियारी क्षेत्र के गढिया अन्तूपुरवा मजरे में वर्षों पुरानी समस्या अब खत्म होने जा रही है। बरसाती नाले पर लघु सेतु निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है, जिससे बारिश के दिनों में बाधित रहने वाला आवागमन अब सुचारु हो सकेगा।

    हरदोई जनपद के हरपालपुर क्षेत्र अंतर्गत खद्दीपुर राजा साहब के मजरा गढिया अन्तूपुरवा में लोक निर्माण विभाग की ओर से 3 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इस सेतु के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो वर्षों से बरसात के मौसम में आवागमन बाधित होने की समस्या झेल रहे थे।

    खद्दीपुर राजासाहब से शेखापुर नगरिया मार्ग पर स्थित बरसाती नाला हर साल बारिश के दौरान उफान पर आ जाता है। नाले में पानी भर जाने से यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता था, जिससे आसपास के गांवों का संपर्क टूट जाता था। ग्रामीणों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था।

    लोगों को लंबे वक्त से था इंतजार

    सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को होती थी, जिन्हें समय पर स्कूल या अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता था। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इस स्थान पर पुल निर्माण की मांग की जा रही थी। लोक निर्माण विभाग ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लघु सेतु निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।

    वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के निर्माण से न केवल रोजमर्रा का आवागमन सुगम होगा, बल्कि बाढ़ के समय जो आधा दर्जन गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता था, उससे भी स्थायी समाधान मिलेगा। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- 659.87 करोड़ से तैयार हो रहे हरदोई बाईपास के लिए लोगों को अभी करना होगा इंतजार, निर्माण कार्य की टाइम लाइन बढ़ी

    लघु सेतु की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता महेश मिश्रा, पूर्व प्रधान सतीश अवस्थी समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के प्रति आभार जताया है। लोगों को उम्मीद है कि यह पुल उनके जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।