हापुड़ के सरावा गांव में अंधाधुंध फायरिंग में चार घायल, तनाव के बीच भारी फोर्स तैनात
हापुड़ के सरावा गांव में पुरानी रंजिश के चलते पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। पूर्व ...और पढ़ें
HighLights
हापुड़ के सरावा गांव में पुरानी रंजिश के चलते हिंसा।
पथराव और फायरिंग में चार लोग गंभीर रूप से घायल।
पूर्व प्रधान संदीप और उसके साथियों पर हमले का आरोप।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में पुरानी रंजिश ने शुक्रवार सुबह सरावा गांव का माहौल बिगाड़ दिया। दो साल से चले आ रहे विवाद को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
आरोप है कि पूर्व प्रधान संदीप और उसके पांच साथियों ने दूसरे पक्ष के लोगों को घर के सामने रोककर पहले पथराव किया और फिर फायरिंग कर दी। गोली लगने से विजय उर्फ बंटी, दीपक और महिला मुनेश घायल हो गए, जबकि अंकित पत्थर लगने से लहूलुहान हो गया।

इसके बाद चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एसएचओ और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीआईजी कलानिधि नैथानी भी गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दो साल पहले हुआ था विवाद
बताया गया है कि करीब दो वर्ष पहले जिले में दोनों पक्षों के युवकों के बीच विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है। शुक्रवार को इसी विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया।

दूसरे पक्ष पर गोली चलाई
आरोप है कि जाट पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर गोली चलाई। फायरिंग में घायल चारों लोग अनुसूचित जाति से बताए गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल में पहुंचकर घायलों का हालचाल ले रहे हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

आरोप है कि गोली चलाने वाला पूर्व प्रधान का पक्ष दबंग हैं और 2 साल में गांव में 9 परिवारों को खुलेआम मारपीटकर घायल कर चुका है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
