विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में मनचलों से तंग आकर 10वीं की छात्रा ने खाया जहर, अस्पताल में तोड़ा दम; CCTV खुटेज खंगाल रही पुलिस

Published: Thu, 08 Oct 2026 04:07 PM (IST)

हापुड़ के निजामपुर गांव में स्कूल में छेड़छाड़ से परेशान दसवीं की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी उपचार ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हापुड़ पुलिस।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हापुड़ पुलिस।

HighLights

  1. हापुड़ में स्कूल छात्रा ने छेड़छाड़ से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाया।

  2. उपचार के दौरान छात्रा की मौत, परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव स्थित स्कूल में छेड़छाड़ से परेशान 10वीं की छात्रा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में यशोदा अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई।

छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

निजामपुर सोनू ने बताया कि उसकी पुत्री श्री जगपाल सिंह स्मारक हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा दस की छात्रा थी। काफी दिनों से बेटी को उसकी कक्षा में पढ़ने वाले कुछ लड़के पिछले कई दिनों से परेशान करने के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे।

बताया कि 6 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे कनिष्क नाम के युवक ने छात्रा के भाई को इस संबंध में जानकारी दी। इसकी जानकारी छात्रा को हुई तो वह काफी परेशान और घबरा गई।

यशोदा अस्पताल रेफर

इसके बाद उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों में कोहराम मच गया

6 अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे उपचार के दौरान चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ने पुलिस से घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब पुलिस स्कूल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि छात्रा को परेशान करने वाले आरोपितों की पहचान की जा सके। पुलिस छात्रा के परिजन और स्कूल से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।