हापुड़ में हादसा: रोडवेज बस ने कार को 20 मीटर घसीटा, एयरबैग ने बचाई टाटा अधिकारी की जान
हापुड़ में एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कार को 20 मीटर तक घसीटा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टाटा कंपनी के अधिकारी अर्जुन दीक्षित एयरबैग खुलने ...और पढ़ें
-1786268284935_m.webp)
हापुड़ में हुआ दर्दनाक हादसा। जागरण
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में कोतवाली देहात के सामने शनिवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस कार को करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। इसके बाद कार साइड डिवाइडर से जा टकराई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए। गनीमत रही कि कार सवार टाटा कंपनी का अधिकारी बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार से अधिकारी को बाहर निकाला।
कार में साइड से जोरदार टक्कर मारी
पुलिस के अनुसार, मेरठ के खरखौदा के रहने वाले अर्जुन दीक्षित टाटा कंपनी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वह शनिवार दोपहर खरखौदा से कार से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह कोतवाली देहात के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी कार में साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
बताया गया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार बस की चपेट में आने के बाद काफी दूर तक घिसटती चली गई। करीब 20 मीटर तक घसीटे जाने के बाद कार सड़क किनारे बने सीमेंटेड डिवाइडर से जा भिड़ी।
अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और टक्कर के कारण दोनों एयरबैग खुल गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे अधिकारी को बाहर निकाला। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उधर, हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
खबरें और भी
पुलिस ने बस की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बस और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि कार को देखकर उसमें सवार व्यक्ति के सुरक्षित बचने पर लोगों को विश्वास नहीं हुआ। एयरबैग खुलने के कारण अधिकारी को गंभीर चोटों से बचाने में मदद मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अर्जुन दीक्षित ने बताया कि उन्होंने कार को क्रेन से उठवाकर कोतवाली देहात पर भिजवा दिया है।