हापुड़ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में दहशत; पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
हापुड़ के मोहल्ला अलीनगर में एक प्रॉपर्टी डीलर राशिद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सुबह दूध लेकर लौटते समय कुछ लोगों से विवाद के बाद यह वारदात हुई, ...और पढ़ें
-1778128698807_m.webp)
प्रॉपर्टी डीलर राशिद का फाइल फोटो। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला अलीनगर में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गुरुवार सुबह करीब सात बजे प्रॉपर्टी डीलर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दिन-दहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
वहीं, गंभीर हालत में घायल प्रॉपर्टी डीलर को नगर के देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
कोतवाली नगर और थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्यारोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
कहासुनी के बाद हत्या की
जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला अलीनगर राशिद दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था। बुधवार सुबह करीब सात बजे वह दूध लेकर अपने घर वापस लौट रहा था। घर के पास ही उसका मोहल्ले में कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पांच लोगों ने राशिद को घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में राशिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं, चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल राशिद को तुरंत देवनंदनी अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से साक्ष्य जुटाए। वारदात के बाद मोहल्ले में तनाव का माहौल बना रहा। सुरक्षा के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया।
पति की हत्या के बाद बिलख पड़ी पत्नी
राशिद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रुखसाना बदहवास हो गईं। बेटे अयान, मोहम्मद, उमर और पुत्री जोया का रो-रोकर बुरा हाल था। स्वजन और रिश्तेदारों की भीड़ अस्पताल में जुट गई। पत्नी रोते-बिलखते कह रही थी कि पति के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। वहीं, लोग उसे संभालते दिखे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- हापुड़ में युवक का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका पर पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर स्वजन से बातचीत की और अधिकारियों को घटना के पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही हत्यारोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा

आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और कहासुनी के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। स्वजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक हापुड़ कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। हापुड़ और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में दो हत्या समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।